Crime News: छेड़छाड़ का विरोध करने पर सिरफिरे ने महिला को फेंका चलती ट्रेन से नीचे, मौत, नौ साल का बेटा बिलखता रहा ट्रेन में
चंडीगढ़ के हरियाणा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है। यहां फतेहाबाद जिले के टोहाना में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक सिरफिरे ने 30 साल की महिला को ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिसके बाद महिला की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन से कूद कर भाग गया। वारदात के वक्त महिला के साथ उसका नौ साल का बेटा भी था।
पुलिस के मुताबिक यह घटना गुरुवार देर रात नरवाना से करीब 10 किलोमीटर दूर धमतान साहिब और टोहाना रेलवे स्टेशन के बीच हुई। महिला मंदीप कौर अपने बेटे के साथ जनरल कोच में यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान संदीप नाम का युवक वहां पहुंचा और महिला को अकेला देखकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। उनके विरोध करने पर उसने महिला को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया और खुद भी भागने के चक्कर में चलती ट्रेन से कूद गया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल उन्होंने आरोपी को रेलवे ट्रैक पर बेहोशी की हालत में पड़े देखा और उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि आरोपी को आईपीसी की धारा 302 (हत्या), 354 (महिला पर हमला या आपराधिक बल) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस को महिला का क्षत-विक्षत शव खेतों में पड़ा मिला।
फोन कर बुलाया था पति को
पुलिस ने बताया कि महिला अपने पति हरजिंदर सिंह को फोन कर रेलवे स्टेशन पर रिसीव करने के लिए बुलाया था। जैसे ही ट्रेन टोहाना पहुंची, सिंह को ट्रेन में अपनी पत्नी कहीं नहीं दिखी, लेकिन अपने बेटे को रोते हुए देखा। पूछने पर बेटे ने पूरी जानकारी दी। इस पर सिंह को पूरी घटना की जानकारी हुई और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।