UP News: देवबंद के उलेमा बोले- “मुसलमान न मनाएं जन्मदिन, ये खुराफात है और यह ईसाई धर्म का तौर-तरीका है”, वायरल हुआ वीडियो, डीजे होने पर मौलवी नहीं पढ़ाएंगे निकाह
सहारनपुर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मुसलमानों को जन्म न मनाए जाने की बात बताई जा रही है। यह वीडियो सहारनपुर के देवबंद के उलेमा मुफ्ती असद कासमी का बताया जा रहा है, जो मुसलमानों के जन्मदिन मनाने को गलत बता रहे हैं। उनका कहना है कि कुरान, इस्लाम, शरीयत और हदीस में जन्मदिन मनाने का जिक्र नहीं है। जन्मदिन मनाना ईसाई धर्म के लोगों का तौर-तरीका है। इसे आजकल मुसलमान भी अपना रहे हैं, जो कि गलत है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक मुफ्ती असद कासमी ने कहा कि, ‘मुसलमान भाई ईसाइयों के तौर-तरीके न अपनाएं। उन्होंने आगे कहा कि जन्मदिन मनाना खुराफात है। मैंने इस्लाम, शरीयत, कुरान और हदीस के बारे में पढ़ा है। कहीं पर भी कुरान या हदीस-ए-नबी में जन्मदिन मनाने के बारे में नहीं लिखा है। न ही जन्मदिन मनाने का जिक्र है। ईसाई लोग जन्मदिन मनाते हैं, जिनकी मुसलमान नकल कर रहे हैं। मुसलमानों को इससे बचना और परहेज करना चाहिए।’
‘अल्लाह के रसूल ने कभी नहीं मनाया जन्मदिन’
वायरल वीडियो में मुफ्ती ये भी बताते हुए दिख रहे हैं कि, ‘अल्लाह के रसूल हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी जिंदगी जन्मदिन नहीं मनाया और न ही कहीं पर इसका जिक्र है। हजराते सहाबा ने भी जन्मदिन नहीं मनाया लेकिन मुसलमानों ने पता नहीं किस हदीस में पढ़ लिया कि जन्मदिन मनाया जाए। पता नहीं मुसलमान क्यों जन्मदिन मना रहे हैं। शरीयत के अंदर नई चीज पैदा कर दी है, कुछ मुसलमानों ने। जबकि शरीयत में जन्मदिन की कोई हैसियत नहीं है। मुसलमानों को अपनी शरीयत पर अटल रहना चाहिए।’
जानें कयामत के दिन को लेकर क्या कहा मुफ्ती ने
मुफ्ती असद कासमी ने वायरल वीडियो में मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि, ‘तमाम उम्मत-ए-मुसलमा को चाहिए जो चीज शरीयत के अंदर नहीं है, उसको हरगिज न करें। गैरों का तौर-तरीका न अपनाएं। ऐसे में उम्मते मुसलमा को चाहिए कि हम रसूल अल्लाह हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहू अलेही वसल्लम के तौर तरीकों को ही अपनाया करें। कयामत के दिन अल्लाह के रसूल हजरत मोहम्मद के झंडे के नीचे जमा हों और उन्हीं के साथ हमें उठाया जाए।”
डीजे वाली जगहों पर मौलवी नहीं पढ़ाएंगे निकाह
बता दें कि हाल ही में ग्रेटर नोएडा के उलेमाओं ने फैसला लिया था कि जिस निकाह में आतिशबाजी या डीजे पर फिल्मी गाने बजेंगे उन शादियों में कोई उलेमा या मौलवी निकाह नहीं पढ़ेगा। इसी मामले में 3 दिन पहले देवबंदी उलेमा मुफ्ती असद कासमी ने भी बयान दिया था। उन्होंने देश के मुसलमानों से अपील करते हुए कहा है कि मुसलमानों को ऐसी शादियों से बचना चाहिए, जिसमें इस्लाम और शरीयत के खिलाफ काम होता है। इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि, ‘शादियों के अंदर बैंड बाजा, आतिशबाजी, घुड़चढ़ी और डीजे से बचना चाहिए। निकाह भी मस्जिद के अंदर पढ़वाना चाहिए। निकाह इस्लाम के रीति रिवाजों के हिसाब से ही करना चाहिए।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक मुफ्ती ने ये भी कहा कि मैंने हाल ही में नोएडा से उलेमाओं की एक खबर सुनी की, वहां उलेमाओं ने फैसला लिया है कि वह ऐसी शादियों में नहीं जाएगा जहां इस्लाम और शरीयत के खिलाफ काम होता हो। मैं उलेमाओं के फैसले का पूरी तरह से स्वागत करता हूं।’ उन्होंने मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि आज के समय शादी इस्लाम के हिसाब से नहीं हो रही है। शादी में आतिशबाजी और घुड़सवारी इस्लाम में नहीं है। मैं अपील करता हूं कि इस्लाम के हिसाब से निकाह करें और सादगी के साथ करें। शादी इस्लाम के नियमों के अनुसार ही होनी चाहिए।
देवबंद के लिए जानें ये महत्वपूर्ण बात
बता दें कि इस्लामी शिक्षा के लिए देवबंद दुनियाभार में जाना जाता है। दिल्ली से करीब डेढ़ सौ किलोमीटर दूर कस्बा देवबंद है। जो कि उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के अंतर्गत आता है। यहां दारूल उलूम की स्थापना 30 मई 1866 को हुई, जिसका मकसद मुसलमानों को इस्लामी शिक्षा देना है। इस्लामी शिक्षा के लिए आज यह दुनियाभर में जाना जाता है। यह सिर्फ एक इस्लामी विश्वविद्यालय नहीं, एक विचारधारा है, इसलिए इस विचारधारा से प्रभावित मुसलमानों को ‘देवबंदी’ भी कहा जाता है। देवबंद में आज छोटे-बड़े करीब 500 मदरसे और लाइब्रेरी हैं। यहां पढ़ने के लिए दुनियाभर के छात्र आते हैं और बड़ी संख्या में दाखिला लेते हैं।