Hardoi: महिला फरियादी के हाथ-पैर पकड़कर घसीटते हुए पुलिस ले गई थाने, सपा प्रमुख अखिलेश ने भाजपा सरकार पर कसा तंज, वायरल किया वीडियो

October 1, 2023 by No Comments

Share News

Hardoi: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि, दो महिला पुलिसकर्मी एक महिला को हाथपैर के पकड़ कर घसीटते थाने की ओर ले जा रही है. यह वीडियो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से सामने आया है. इसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा सरकार पर तंज कसा है और कहा है, ‘नारी सम्मान’ और ‘नारी वंदन’ की बात करने वाली भाजपा को क्या ये साक्षात ‘नारी अपमान’ और ‘नारी क्रंदन’ दिखाई-सुनाई देता है. इसी के साथ उन्होंने वायरल वीडियो भी पोस्ट किया है.

वीडियो शनिवार का एसपी ऑफिस के बाहर का बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है तो वहीं आनन-फानन में एसपी ने मामले को तूल पकड़ता देख घटना की विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, पिहानी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला शनिवार को एसपी ऑफिस फरियाद लेकर पहुंची थी. उसका अपने पति से लम्बे समय से विवाद चल रहा है. मीडिया सूत्रों के मुताबिक, वह एसपी ऑफिस में शिकायत करने के बजाय ऑफिस की दीवार पर चढ़ गई और हंगामा करने लगी और जान देने की कोशिश करने लगी. इस पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची और उसे दीवार से नीचे उतारा. फिर हाथ-पैर से पकड़ कर सड़क पर घसीटते हुए महिला थाने ले गई. इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

विक्षिप्त महिला है
इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि, एक वीडियो संज्ञान में आया है. जो महिला उसमें दिख रही है वह विक्षिप्त है और दीवार पर चढ़ गई थी. किसी तरह से उसे दीवार से उतारा गया. इस दौरान महिला गिर गई तो उसे घसीटते हुए ले जाया गया. यह बहुत ही अमानवीय है. वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच कराई जा रही है. इस मामले में जांच सामने आने के बाद कार्रवाई का जाएगी.

यहां देखें वीडियो