Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी के जाते ही वाराणसी की सड़कों व चौराहों को BJP कार्यकर्ताओं ने गंगाजल से धोया, जमकर की नारेबाजी, देखें Video
Bharat Jodo Nyay Yatra: देश के विभिन्न हिस्सों से होते हुए राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर चुके हैं. आज वह वाराणसी पहुंचे और जनसभा को सम्बोधित किया. इसी के साथ ही भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. तो वहीं जैसे ही राहुल गांधी जनसभा स्थल से निकले भाजपा कार्यकर्ता बाल्टी में गंगाजल लेकर पहुंच गए और चौराहे व सड़क को साफ करने लगे. इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जो कि जमकर वायरल हो रहा है. तो वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का जमकर विरोध प्रदर्शन भी किया. इसी के साथ ही जय श्रीराम के जयकारे भी लगाए.
तो वहीं जनसभा को सम्बोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ‘हमने 4,000 किलोमीटर की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की. यात्रा के दौरान किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और महिलाएं मिलीं. उन सबने मुझसे मिलकर अपनी पीड़ा बताई. BJP-RSS के लोग भी कई जगह मिले, लेकिन पूरी यात्रा में मुझे नफरत कहीं नहीं दिखी.’राहुल गांधी आगे बोले कि ‘भारत मोहब्बत का देश है, नफरत का नहीं. देश तभी मजबूत होता है, जब सभी एकजुट होकर काम करते हैं.’ भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान एक युवक ने अपनी बेरोजगारी की कहानी सुनाई. उसने बताया कि कैसे एक युवक और उसका परिवार पढ़ाई में लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी खाली हाथ और टूटे सपनों के साथ इधर-उधर भटक रहा है. इसपर कांग्रेस नेता ने कहा, ‘ये युवा अन्याय है और हम इसी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं.’
राहुल गांधी इस दौरान आम जनता से मिलते नजर आए. वह ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान वाराणसी के ‘सर्व सेवा संघ’ के सामने रुककर लोगों से बात की. इसी के साथ कहा कि, ‘बापू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बने इस ‘सर्व सेवा संघ’ को दमन और तानाशाही के मद में अंधी हो चुकी BJP सरकार के नफरती बुल्डोजर ने यहां भी रौंदा, दुर्लभ तस्वीरों और किताबों को बाहर फेंका गया.’