Ujjain News: चप्पल पहनकर कमिश्नर ने शिवलिंग पर चढ़ाया जल, खड़ा हुआ हंगामा, Video वायरल होने के बाद कही ये बात
Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन से चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां पर उज्जैन संभाग के कमिश्नर संजय गुप्ता का एक वीडियो और तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें दिख रहा है कि वह चप्पल पहनकर शिवलिंग पर जल चढ़ा रहे हैं. वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद से ही हंगामा खड़ा हो गया. इसके बाद उन्होंने माफी मांग ली है.
उज्जैन के संभागायुक्त संजय गुप्ता ने कहा कि अगर इससे किसी की भावना आहत हुई है तो वे माफी मांगते हैं. उन्होंने ये भी कहा कि पहले भूलवश चप्पल नहीं उतार पाया था लेकिन बाद में नंगे पैर ही पूजा की थी.
रामघाट पर सफाई कार्यक्रम के दौरान हुई ये घटना
मीडिया सूत्रों के अनुसार उज्जैन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत शिप्रा तट रामघाट पर सफाई अभियान चलाया जा रहा था. उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन, नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक, निगम सभापति कलावती यादव आदि के साथ उज्जैन के कमिश्नर संजय गुप्ता मौके पर मौजूद थे. सभी लोग यहां स्थित महादेव मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए गए तो संजय गुप्ता भी वहां पहुंच गए और शिवलिंग पर जल चढ़ाने लगे लेकिन इस दौरान वह चप्पल पहने रह गए. तभी किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. विरोध के बाद उनको माफी मांगनी पड़ी है.