Lucknow University: “आज एक छात्र के रूप में नहीं…” फेस्ट का उद्घाटन करने पहुंचे मंत्री दया शंकर सिंह ने ताजा किए विश्वविद्यालय में बिताए अपने दिन, कही ये बात
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय में आज इंटर हॉस्टल कॉम्पीटिशन फेस्ट – 2025 का उद्घाटन हबीबुल्लाह हॉस्टल में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि दया शंकर सिंह, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उ०प्र० सरकार ने इसकी औपचारिक शुरुआत सुबह 9:00 हबीबुल्लाह हॉस्टल में किया। उद्घाटन सत्र में सभी 18 छात्रावासों के चयनित अंतःवासी मार्च पास्ट करते हुए कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न रंगों के परिधान में शामिल हुए।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवं कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने मशाल जलाकर और गुब्बारे आसमान में उड़ाकर फेस्ट के शुभारंभ की घोषणा की। कैलाश एवं महमूदाबाद हॉस्टल के अंतःवासियों ने अत्यंत आकर्षक पिरामिड प्रस्तुत किया। समारोह में चीफ प्रोवोस्ट प्रो अनूप कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। तथा डॉ महेंद्र अग्निहोत्री ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस फेस्ट के अन्तर्गत सर्वप्रथम महमूदाबाद हॉल में छात्रों के लिए वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन माननीय कुलपति प्रो० आलोक कुमार राय के कर कमलों से किया गया। इस प्रतिस्पर्द्धा में महमूदाबाद, आचार्य नरेन्द्रदेव, होमीगीर भाभा, लालबहादुर शास्त्री, कौटिल्य, सुभाष छात्रावासों की टीम ने प्रतिभाग किया। प्रारंभिक चरण के बाद महमूदाबाद हॉल एवं कौटिल्य हॉल की टीम वॉलीबाल के फाइनल में पहुँच गई ।
छात्राओं के वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन कैलाश हॉल में किया गया। कार्यक्रम में प्रति कुलपति प्रो मनुका खन्ना, मुख्य कुलानुशाशक प्रो राकेश द्विवेदी, संस्कृतिकी निदेशिका प्रो अंचल श्रीवास्तव, आई पी पी आर निदेशक प्रो दुर्गेश श्रीवास्तव, लखनऊ एथलेटिक एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ आर बी सिंह और जनरल सेक्रेटरी प्रो अजय आर्य, लूटा महामंत्री डॉ अनित्य गौरव, इंजीनियरिंग फैकल्टी के डीन प्रो ए के सिंह, प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सभी सदस्य, सभी प्रोवोस्ट और असिस्टेंट प्रोवोस्ट उपस्थित थे।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो वी के शर्मा ने सूचित किया कि इस १० दिवसीय इंटर हॉस्टल कॉम्पीटिशन फेस्ट में विभिन्न प्रकार की इंडोर एवं आउट डोर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।
विभिन्न पुरुष एवं महिला छात्रावासों के अंतःवासियों के लिए नियोजित प्रतियोगिताओं को कुल तीन वर्गों में विभाजित किया गया है, प्रथम वर्ग में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत सोलो डांस, ग्रुप डांस, सोलो सिंगिंग, मुशायरा, स्किट, रंगोली, मिमिक्री तथा कुकिंग को शामिल किया गया है। द्वितीय वर्ग में साहित्यिक (शैक्षिक) प्रतियोगिताओं को शामिल किया जाएगा जिसमें डिबेट, जस्ट ए मिनिट , क्विज, पोस्टर मेकिंग, स्वरचित कविता, तथा शायरी को रखा गया है।
जबकि तृतीय वर्ग में खेलकूद (स्पोर्ट्स) प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा जिसमें आउटडोर प्रतियोगिताओं में क्रिकेट ( केवल लड़कों के के लिए ), कबड्डी (केवल लड़कियों के लिए), बैडमिंटन, वॉलीबॉल, रस्साकसी ,रिले रेस, ट्रेक इवेंट्स तथा इंडोर प्रतियोगिताओं में चेस, कैरम, टेबल टेनिस आदि को शामिल किया गया.
मंत्री ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित
इस मौके पर परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने चतुर्थ इंटर-हॉस्टल प्रतियोगिता महोत्सव 2025 को संबोधित करते हुए गर्व व्यक्त किया कि उन्हें छात्र जीवन में हबीबुल्लाह हॉस्टल आवंटित किया गया था, जो आज इस उद्घाटन समारोह का स्थल है। यह हॉस्टल उनके लिए अनेक यादें संजोए हुए है, क्योंकि यहीं से उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय में अपना सफर शुरू किया था। आज एक छात्र के रूप में नहीं, बल्कि एक मंत्री के रूप में यहां खड़े होना उनके लिए गौरव और भावनात्मक जुड़ाव का क्षण है, जो उनकी छात्र से मंत्री बनने की यात्रा का प्रतीक है।
उन्होंने कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय के नेतृत्व में लखनऊ विश्वविद्यालय की तेजी से हो रही प्रगति को रेखांकित किया और इस बात पर जोर दिया कि यह उत्तर प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय है जिसे NAAC द्वारा A++ रैंकिंग प्राप्त हुई है। विश्वविद्यालय शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त कर रहा है और छात्रों के लिए एक समग्र शिक्षण वातावरण प्रदान कर रहा है।
उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस खेल महोत्सव की सराहना की, जो छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा। उन्होंने स्वस्थ मानसिकता के महत्व पर जोर दिया, जो खेल और टीम वर्क के माध्यम से विकसित होती है। अंत में, उन्होंने छात्रों को बड़े और महान सपने देखने के लिए प्रेरित किया—ऐसे सपने, जो उन्हें सोने न दें!
शिवाजी महाराज की जयंती पर मैच का आयोजन
शिवाजी जी महाराज की जयंती पर लखनऊ विश्वविद्यालय के शिवाजी क्रीड़ांगन पर एक क्रिकेट लीग मैच का आयोजन किया गया। जिसमें लखनऊ विश्वविद्यालय और के के सी (जे एन पी जी) की टीम ने हिस्सा लिया । लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने 3-0 से विजय हासिल की।
शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सभी शिक्षकों और छात्रों में पुष्प अर्पित किया। उसके बाद कुलपति जी ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. अजय आर्य ने कुलपति का शिवाजी ग्राउंड पर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी , प्रो. केया पांडेय, प्रो. महेन्द्र अग्निहोत्री , प्रो. अंचल श्रीवास्तव आदि कई शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति रहे।
ये भी पढ़ें-किसको रिश्ते गिनवाऊं, किसे जात बताऊं मैं…दिल को झकझोर देने वाला ये मधुर गीत गाकर बच्चा हुआ वायरल-Video