Lucknow: राजधानी के इन इलाकों से खत्म होगा जाम का झाम…वॉल व फ्लोर पेन्टिंग से सजेंगी ये गलियां
Lucknow: जल्द ही उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के उन इलाकों को जाम से मुक्ति मिलेगी जो घनी आबादी वाले हैं और जहां अभी जमकर जाम लगता है. इसी के साथ ही कई इलाकों का सुंदरीकरण होगा. इसको लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब के समक्ष विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों का गुरुवार को प्रेजेन्टेशन किया गया. इस मौके पर कई महत्वपूर्ण कार्यों को मजूंरी दी गई.
इन कार्यों को दी गई है मंजूरी
कैसरबाग में रेजीडेंसी के पास सड़क डेढ़ मीटर तक चौड़ी होगी। सड़क किनारे प्लाजा विकसित किया जाएगा,जिसमें फूड वेन्डिंग जोन व पार्किंग स्पेस होगा। साथ ही हेरिटेज लुक में प्लेसमेकिंग का कार्य कराया जाएगा जोकि हेरिटेज कॉरिडोर की खूबसूरती को बढ़ाएगा।

दीवारों पर इस तरह से बनाई जा रही हैं पेंटिंग्स
यहां अवैध रूप से लगाए जाते हैं ठेले
इस मौके पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि रेजीडेंसी के पास डालीगंज तिराहे की ओर जाने वाली सड़क के किनारे लगभग 300 मीटर लंबाई में काफी खाली जगह है। वर्तमान में इस जगह पर कुछ लोग अवैध रूप से ठेले लगाते हैं। उन्होंने बताया कि इस जगह सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा,जिससे यातायात सुगम होगा। साथ ही सड़क किनारे प्लाजा विकसित होने से यहां नियोजित रूप से वेन्डिंग व पार्किंग स्पेस सृजित होगा। इस दौरान शहर में विभिन्न स्थानों पर कराये जा रहे वॉल व फ्लोर पेन्टिंग के कार्यों का भी प्रेजेन्टेशन दिया गया। इसके आगे उपाध्यक्ष ने बताया कि वॉल पेन्टिंग के कार्य को प्रभावी तरीके से कराने के लिए बिड कराकर दक्ष संस्थाओं का चयन किया गया है, जिसमें दिशा फाउन्डेशन, अद्वैता, श्रीराम इंटरप्राइजेज व एम0एस0 ग्रुप को प्राधिकरण में सूचीबद्ध किया गया है।
उपाध्यक्ष ने आगे बताया कि वर्तमान में इन संस्थाओं द्वारा जनेश्वर मिश्र पार्क, रिवर फ्रंट, मधुरिमा फ्लाईओवर, ग्वारी फ्लाईओवर व लोहिया पार्क में गेट नंबर-3 के पास वॉल पेन्टिंग का काम कराया जा रहा है।
मंडलायुक्त ने दिया ये निर्देश
बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि ग्रीन कॉरिडोर, हारमोनी पार्क, किसान बाजार, अर्जुनगंज, कमता फ्लाईओवर व लोहिया पथ के आसपास भी थीमेटिक वॉल पेन्टिंग करायी जाए। इसके अलावा जोन वार सर्वे कराकर वॉल पेन्टिंग के लिए अन्य उपयुक्त स्थान चयनित किये जाएं,जिससे शहर के अलग-अलग स्थानों की खूबसूरती बढ़े। बैठक में डालीगंज तिराहा, ग्वारी चौराहा, जनेश्वर मिश्र पार्क, फ्रैगरेंस पार्क व कुकरैल रोटरी समेत सात स्थानों पर लगाये जाने वाले स्कल्पचर्स की डिजाइनों का प्रेजेन्टेशन दिया गया।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने दी ये जानकारी
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि स्कल्पचर वर्क के लिए दक्ष संस्थाओं को सूचीबद्ध किया गया है, जिसमें प्रसिद्धी इंजीनियर्स, कलरोथॉन, कराबी, आकृति ज्वैलक्राफ्ट आदि शामिल हैं। उन्होंने आगे ये भी जानकारी दी कि सभी स्थानों पर थीम आधारित स्कल्पचर्स लगाये जाएंगे। डालीगंज तिराहे के पास नक्षत्रशाला है, लिहाजा वहां साइंस एंड स्पेस थीम पर स्कल्पचर लगाया जाएगा। इसी तरह ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तहत विकसित किये जाने वाले कुकरैल रोटरी पर रिवर लाइफ आधारित स्कल्पचर लगाया जाएगा।
इसके अलावा पार्कों में बच्चों को आकर्षित करने वाले स्कल्पचर स्थापित किये जाएंगे। इस मौके पर मण्डलायुक्त ने हजरतगंज में कराये जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि हजरतगंज में सड़क के बीच डिवाइडर पर लाइटें न लगायी जाएं। बल्कि सड़क किनारे पोल लाइट व बोलार्ड पर लाइटें लगायी जाएं। बैठक में मुख्य नगर नियोजक केके गौतम व प्रभारी मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा समेत अन्य अधिकारी, अभियंता, आर्किटेक्ट व संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।