Lucknow: बालिका विद्यालय मोतीनगर में छात्रा सृष्टि सिंह बनी एक दिन की प्रधानाचार्य
Lucknow Mission Shakti: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोतीनगर में स्थित बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज में छात्राओं में आत्मविश्वास पैदा करने और उनकी छुपी प्रतिभा को बाहर लाकर विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहते हैं. इसी क्रम में मिशन शक्ति पर आधारित निरन्तर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उसी के अंतर्गत नोडल शिक्षिकाओं पूनम यादव, मंजुला यादव और प्रतिभा रानी के निर्देशन में शक्ति मंच की बैठक आयोजित हुई जिसमें कक्षा आठ से कक्षा बारह तक की चयनित प्रतिनिधि छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

छात्रा सृष्टि सिंह
मिशन शक्ति, शक्ति मंच के उद्देश्य, उसकी महत्त्ता और आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई और उन छात्राओं ने विद्यालय की अन्य छात्राओं, परिवार और समाज के लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही कक्षा-12 की छात्रा और विद्यालय की हेड गर्ल सृष्टि सिंह को विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने एक दिन की प्रधानाचार्य बनाकर उसको प्रधानाचार्य के कर्तव्यों और दायित्वों से अवगत कराया। सभी शिक्षिकाओं ने सृष्टि सिंह का स्वागत किया। उसके बाद छात्रा ने दिन भर बखूबी अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
छात्रा ने बताया कि यदि भविष्य में उसको इस प्रकार का दायित्व मिलेगा तो वह स्वच्छता, छात्राओं में नवाचार का विकास, कर्तव्य पालन, विज्ञान के प्रति रुझान एवं छात्राओं को नवीन प्रयोगों हेतु प्रवृत्त करते हुए विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान देंगी। विद्यालय की प्रधानाचार्य और समस्त शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने सृष्टि के कार्यों की सराहना की।
मिशन शक्ति का उद्देश्य ही बालिकाओं में स्वावलंबन, आत्मविश्वास, सुरक्षा, सम्मान की भावना का विकास है। मिशन शक्ति के चरण 5.0 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के लिए समर्पित स्वास्थ्य हेल्पलाइन की शुरुआत है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए बालिका विद्यालय में छात्राओं के हित में निरंतर प्रबंधन, प्रशासन एवं शिक्षिकाओं द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें-Diwali-2025: कब मनेगी दीवाली…? 20 या 21 अक्टूबर को; काशी के आचार्यों ने बताई सही तारीख और पूजन मुहूर्त
Karwa Chauth 2025: करवा चौथ 10 अक्टूबर को… जानें सरगी खाने से लेकर चंद्रोदय तक का समय