Shakuntala University: कुलपति प्रो. संजय सिंह के दो वर्ष पूर्ण होने पर…दृष्टिबाधित दिव्यांगों को बांटे गए कीबोर्ड
Shakuntala Mishra National Rehabilitation University: डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं तकनीकी सशक्तीकरण के उद्देश्य से कीबोर्ड वितरण एवं डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय व हेल्प द ब्लाइंड फाउंडेशन की ओर से कुलपति प्रो. संजय सिंह के सफल दो वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कुलपति आचार्य संजय सिंह नेतृत्व में विश्वविद्यालय में दिव्यांगजन हितैषी एवं तकनीकी रूप से समावेशी वातावरण विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को कंप्यूटर एवं एंड्रॉयड मोबाइल फोन पर उपयोग होने वाले स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर एवं एप्स, जैसे एनवीडीए (NVDA), टॉकबैक (TalkBack) और जॉव्स (JAWS) के संचालन हेतु प्रशिक्षित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कीबोर्ड वितरित किए गए और आगामी चरण में विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर संचालन, टाइपिंग कौशल, इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन कक्षाओं में सहभागिता तथा मोबाइल आधारित शैक्षणिक एप्स के उपयोग के लिए सक्षम बनाया जाएगा।
कुलसचिव रोहित सिंह ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों से जोड़ना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। यह पहल विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
विश्वविद्यालय के एमओयू समन्वयक डॉ. विजय शंकर शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण एवं संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थी आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने भी इस पहल की सराहना की। विद्यार्थियों ने कहा कि कीबोर्ड एवं स्क्रीन रीडिंग प्रशिक्षण से वे स्वयं नोट्स तैयार कर सकेंगे और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुँच बना पाएंगे। इस दौरान धीरज, आकाश, रिजवान सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।