“चंपत का मतलब ही होता है…” राम मंदिर चढ़ावा गबन के आरोपों पर शंकराचार्य ने साधा निशाना-Video
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे के गबन को लेकर लगे आरोपों का विवाद बढ़ता दिखाई दे रहा है. इस मामले में अब शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बयान भी सामने आया है और उन्होंने राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर निशाना साधा है और कहा है कि चंपत का मतलब ही होता है कि लेकर भाग जाना.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहते दिख रहे हैं कि खबर तो वहीं से आई है तो चोरी तो हुई ही है. आज से चोरी नहीं हो रही है, शिला पूजन के समय से ही वहां चोरी हो रही है. शिला पूजन में चोरियां हुईं, फिर राम जन्मभूमि पर मंदिर बनने लगा तो प्लॉट बिकने लगे. दो-दो मिनट में प्लॉट की कीमत करोड़ों में हो जाती थी. अब यह वाली चोरी. वहां तो पहले से चल रहा है. इसी के साथ ही चंपत राय के नाम चंपत का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि लेकर भाग जाने को चंपत कहते हैं.
मालूम हो कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर इस वर्ष माघ मेले में विवाद हुआ था और शासन-प्रशासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई की. इसी के बाद से स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं. वह कई बार राज्य सरकार की आलोचना कर चुके हैं. यही नहीं राम मंदिर के शिलान्यास से लेकर लोकार्पण तक के फैसलों पर भी उन्होंने आलोचना की है.
बड़ी खबर-
अयोध्या राम मंदिर चोरी पर शंकराचार्य का बड़ा बयान।
“वहां तो चंपत राय बैठे हैं तो और क्या होगा?
चंपत का मतलब ही होता है, लेकर चंपत हो जाना।
वहां आज से नहीं, सालों से चोरी हो रही है।”
अयोध्या का मतलब ही अयोध्य है। अयोध्य यानि जिसे कोई जीत न सके।
अयोध्या अपने… pic.twitter.com/OCV704GUZD
— abhishek upadhyay (@upadhyayabhii) June 11, 2026
अखिलेश यादव ने लगाया था आरोप
बता दें कि अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर गड़बड़ी पाई गई है. इसकी जांच कराई जाए. इसके बाद एक के बाद एक आरोपों के वीडियो सामने आने लगे. तो वहीं अब साधु-संत भी दान में कथित अनियमितता को लेकर जांच की मांग कर रहे हैं. महंत कमल नयन दास भी पहले ही कह चुके हैं कि अगर किसी प्रकार की अनियमितता सामने आई है तो उसकी जांच होनी चाहिए, लेकिन जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि ऐसी जांच होनी चाहिए जिस पर सभी पक्षों को भरोसा हो.
ये भी पढ़ें-‘बेहद शर्मनाक…’ राम मंदिर चंदे पर अखिलेश यादव ने करोड़ों की गड़बड़ी का लगाया आरोप…संत ने किया पलटवार-Video