लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे देश के नए थल सेनाध्यक्ष…जानें कब संभालेंगे कमान
Lieutenant General Dheeraj Seth New Chief of Army Staff: लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को देश का नया थल सेनाध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला रक्षा मंत्रालय ने लिया है. बता दें कि 30 जून, 2026 को जनरल उपेंद्र द्विवेदी के स्थान पर वह भारतीय सेना की सर्वोच्च कमान संभालेंगे. उनको मैकेनाइज्ड वॉरफेयर (बख्तरबंद युद्ध) में महारत हासिल है और रणनीतिक मामलों के वह गहरे जानकार हैं. माना जा रहा है कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ का सेना प्रमुख बनना देश की सैन्य तैयारियों को एक नई धार देगा.
बता दें कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के पास सेना मुख्यालय के नीति-निर्धारण से लेकर संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय मिशन तक और रेगिस्तान से लेकर कश्मीर तक, उनका लंबा और शानदार करियर है. माना जा रहा है कि उनके इस अनुभव के साथ ही भारतीय सेना को और अधिक बल आने वाले समय में मिलेगा.
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ से जुड़ी 5 मुख्य जानकारियां
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ साल 1986 के दिसम्बर में भारतीय सेना की प्रतिष्ठित आर्मर्ड कॉर्प्स (टैंक रेजीमेंट) में कमीशंड हुए थे. उनको टैंकों की गड़गड़ाहट और बख्तरबंद रणनीति में पूरी तरह से महारत हासिल है.
रेगिस्तानी इलाके में एक आर्मर्ड रेजीमेंट के तौर पर, साथ ही विकसित मैदानी क्षेत्र में एक आर्मर्ड ब्रिगेड और आतंकवाद प्रभावित जम्मू-कश्मीर में काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स (आतंकवाद विरोधी बल) का सफल नेतृत्व भी कर चुके हैं.
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ सेना की ताकतवर ‘सुदर्शन चक्र कॉर्प्स’ के कमांडर भी रह चुके हैं. इसके अलावा दिल्ली एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) के रूप में देश-विदेश के कई बड़े रणनीतिक आयोजनों की भी वह कमान संभाल चुके हैं.
अगर बात करें वैश्विक और प्रशासनिक अनुभव की तो वह अंगोला में संयुक्त राष्ट्र (UN) के शांति मिशन में ऑपरेशंस ऑफिसर के तौर पर भी काम कर चुके हैं. इसी के साथ ही सेना मुख्यालय में वह सहायक सैन्य सचिव और महानिदेशक (अनुशासन, औपचारिक और कल्याण) जैसे बेहद संवेदनशील पदों पर रहे हैं.
बता दें कि वर्तमान में यानी देश का सर्वोच्च सैन्य पद संभालने से पहले वह भारतीय सेना के उप-सेना प्रमुख (Vice Chief of Indian Army) के तौर पर सेना की बहुत आधुनिक योजनाओं और सैन्य तैयारियों को देख रहे थे.
ये भी पढ़ें-अब एक व्यक्ति को मिलेगा केवल इतना ही ईंधन…मोदी सरकार ने तय कर दी डीजल बिक्री की सीमा