Bhai Dooj Katha: बहन के घर जाकर टीका कराने वाले भाई की लम्बी होती है उम्र…! पढ़ें भाई दूज कथा
Bhai Dooj Katha: भाई दूज का त्योहार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है. इसे यम द्वितीया भी कहते हैं. यह त्योहार दीपावली के बाद मनाया जाता है और इसका रक्षाबंधन की तरह ही महत्व है. भाई दूज के लिए कई कथा प्रचलित है जिसमें से एक यमुना और यमराज की कथा है.
मान्यता है कि यमुना के बहुत बुलाने के बाद भाई यमराज उनके घर भाई दूज के दिन ही पहुंचे थे. दरअसल यमराज तो तब किसी के घर जाते हैं जब कुछ बुरा हो. यही वजह थी कि कभी यमराज अपनी बहन यमुना के घर नहीं गए, लेकिन यमुना ने जब बहुत हठ की तो यमराज कार्तिका शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर उनके घर पहुंचे. इस पर यमुना बहुत खुश हुईं और उनका आदर-सत्कार किया.
माथे पर तिलक लगाकर उनके सुखद जीवन की कामना की। बहन के स्नेह और सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा और उसे रक्षा का वचन देगा. उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा. इसी मान्यता को देखते हुए भैया दूज पर भाई बहन के हाथों तिलक करवाते हैं. अगर बहन का विवाह हो गया है तो भाई के चाहिए कि उसके घर जाकर यानी बहन के ससुराल जाकर टीका कराएं. मान्यता है कि ऐसा करने से भाई की उम्र बढ़ती है और बहन का सुहाग अटल होता है.
पढ़ें पूरी कथा
प्रचलित कथा के अनुसार सूर्य नारायण की पत्नी का नाम छाया था. उन्होंने ही यमराज तथा यमुना को जन्म दिया था. कथा के अनुसार यमुना यमराज को बहुत प्रेम और स्नेह करती थीं. वह यमराज से बार-बार निवेदन करती हैं कि वह अपने इष्ट मित्रों के साथ उनके घर पर आकर भोजन करें लेकिन यमराज अपने कार्य में व्यस्त रहने के कारण यमुना के निवेदन को टालते रहे.
इसी तरह दिन बीतते गए लेकिन एक बार कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि का दिन आया तो यमुना ने फिर से यमराज को अपने घर पर भोजन करने के लिए बुलाया. इस पर यमराज के मन में विचार आया कि वह तो प्राणों को हरने वाले हैं. भला उनको अपने घर पर कौन बुलाएगा? लेकिन बहन मुझे बड़ी ही सद्भावना के साथ बुला रही है तो मुझे जाना चाहिए. ऐसा सोचकर यमराज यमुना के घर पहुंचे लेकिन इससे पहले उन्होंने नरक में निवास कर रहे जीवों को मुक्त कर दिया.
तो दूसरी ओर यमराज को अपने घर में देखकर यमुना की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. यमुना ने यमराज को स्नान कराकर पूजन किया और फिर भोजन खिलाया. इस पर यमराज प्रसन्न हो गए और बहन को वर मांगने के लिए कहा. इस पर यमुना ने कहा कि भद्र आप प्रतिवर्ष इसी तरह मेरे घर आकर भोजन करना और मेरी तरह जो बहन अपने भाई का आदर-सत्कार करके टीका करें तो उनको तुम्हारा भय न हो. इस पर यमराज ने तथास्तु कहा और यमुना को अमूल्य वस्त्र-आभूषण दिए और यमलोक चले गए.
माना जाता है कि तभी से यह परम्परा चल रही है और इस दिन को भाई दूज के रूप में मनाया जाता है और भाई परम्परागत तरीके से यमुना में स्नान करके अपनी बहन के घर पर जाते हैं और उनका आतिथ्य स्वीकार करते हैं तो वहीं बहनें टीका करती हैं. ऐसा करने से यम का भय नहीं रहता. आचार्य सुशील कृष्ण शास्त्री कहते हैं कि इस दिन यमराज तथा यमुना की पूजा भी करनी चाहिए.
DISCLAIMER: यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। किसी भी धार्मिक कार्य को करते वक्त मन को एकाग्र अवश्य रखें। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)
ये भी पढ़ें-Bhai Dooj: घर आए भाई को बहनें जरूर खिलाएं ये सफेद चीज…अटल रहेगा सुहाग; जानें भाई दूज का महत्व
Bhai Dooj: भाई दूज 10 या 11 नवम्बर को…जानें सही तारीख और टीका करने का शुभ मूहूर्त
Bhai Dooj: भाई दूज पर भूलकर भी न करें ये 6 गलतियां…पढ़ें भगवान श्री कृष्ण-सुभद्रा की कथा
Bhai Dooj Wishes: टीका करके दूज मनाऊँ…भाई दूज पर इन संदेशों से अपनों को कहें Happy Bhai Dooj