UP:बाराबंकी की ड्रग इंस्पेक्टर के ऑफिस का वीडियो हुआ वायरल, मेडिकल स्टोर का लाइसेंस बनवाने के लिए बाबू ने एक युवक से ली 70 हजार रुपए की घूस, देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो शख्स दिखाई दे रहे हैं। एक शख्स, जो कि पीली शर्ट पहने है, के हाथ में कुछ फाइल है, तो वहीं दूसरा शख्स खड़ा है, जो कि पीली टी-शर्ट पहने हुए है। पहले दोनों में कुछ बात होती है, इसके बाद टी-शर्ट वाला युवक जेब से रुपए निकाल कर गिनने लगता है और फिर पीली शर्ट पहने शख्स को दे देता है। फिर दोनों में कुछ बात होती है और इसके बाद हाथ मिलाकर दोनों चलते बनते हैं।
दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश (UP) के जिले बाराबंकी के ड्रग इंस्पेक्टर सीमा सिंह के ऑफिस का है, जिसमें बाबू ने एक युवक से मेडिकल स्टोर का लाइसेंस बनवाने के लिए 70 हजार रुपए लिए हैं। वीडियो वायरल करने वाले एक ट्विटर यूजर ने लिखा है, “वीडियो बाराबंकी की ड्रग इंस्पेक्टर सीमा सिंह के ऑफिस का बताया जा रहा है, जिसमें ड्रग इंस्पेक्टर का बाबू विपिन एक युवक से मेडिकल स्टोर का लाइसेंस बनवाने के लिए 70 हजार रुपये की घूस लेता दिखाई दिया।” फिलहाल इस वीडियो में कितनी सत्यता है, ये सामने नहीं आ सका है, लेकिन वीडियो वायरल करने वाले ने वीडियो को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही चिकित्सा मंत्री व उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को भी टैग किया है और कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल किसी की ओर से इस वीडियो को लेकर अभी कोई बयान सामने नहीं आया है।