Raksha Bandhan-2022: रक्षाबंधन के अवसर पर डाक विभाग ने दिया बहनों को तोहफा, लांच किया वाटरप्रूफ डिजाइनर राखी लिफाफा, देखें क्या है कीमत
रक्षाबंधन के मौके पर डाक विभाग ने बहनों को एक नायाब तोहफा देकर खुश कर दिया है। क्योंकि दूर रहने वाले भाईयों को भेजी जाने वाली रखी के खराब हो जाने की चिंता अक्सर ही बहनों को लगी रहती थी, लेकिन अब बारिश के इस मौसम में रक्षासूत्र खराब नहीं होगा। क्योंकि डाक विभाग ने वाटरप्रूफ लिफाफा लांच किया है, जिसकी कीमत मात्र 10 रुपए है। इस लिफाफे को कोई भी प्राप्त कर सकता है। यह लिफाफा वाराणसी में लांच किया गया है।
बता दें कि इस बार रक्षाबंधन 11 अगस्त को मनाया जाएगा। इसको लेकर अभी से बहने तैयारी करने लगी हैं। जिन बहनों के भाई दूर कहीं रहते हैं या फिर नौकरी करते हैं, या सीमा पर तैनात हैं, तो वह अभी से रक्षासूत्र अपने भाइयों को डाक द्वारा भेजने की तैयारी में जुट गई हैं। बाजार भी रंग-बिरंगी राखियों से सज गए हैं। इसी बीच डाक विभाग ने भी बहनों की मुश्किलों को कम करने की कोशिश की है। डाक विभाग ने राखी भेजने के लिए इस बार वाटरप्रूफ लिफाफे लांच किये हैं। इन डिजाइनर लिफाफों की कीमत केवल दस रुपये रखी गई है।

वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने मीडिया को बताया कि विशेष रुप से निर्मित रंगीन डिजाइनर वाटरप्रूफ राखी लिफाफों को शुक्रवार को यहां के प्रधान डाकघर में आयोजित एक कार्यक्रम में लांच किया गया है। वाराणसी परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वाराणसी, भदोही, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर व बलिया जिले के डाकघरों में यह लिफाफे बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि ये डिजाइनर राखी लिफाफे वाटर प्रूफ और सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत हैं। इससे बारिश के मौसम में भी बहनों द्वारा भेजी गई राखियां सुदूर रहने वाले भाइयों तक सुरक्षित पहुंच सकेंगी। 11 सेमी X 22 सेमी आकार के इन राखी लिफाफों का कीमत केवल 10 रुपये रखी गई है। राखी भेजने के लिए डाक शुल्क इससे अलग रखा गया है।
लिखा है हैप्पी राखी
वाटरप्रूफ लिफाफे के बाएं हिस्से के ऊपरी भाग में भारतीय डाक के लोगो और रक्षाबंधन की डिजाइन के साथ अंग्रेजी में राखी लिफाफा और नीचे दाहिने तरफ ‘हैप्पी राखी’ लिखा गया है। राखी लिफाफे के पीछे आजादी का अमृत महोत्सव और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश भी अंकित किया गया है। पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि रंगीन और डिजाइनर होने की वजह से इन्हें अन्य डाक से अलग करने में समय की बचत होगी। इससे रक्षाबन्धन से पहले इन्हें बांटने में डाक विभाग को सहूलियत भी होगी। प्रवर डाक अधीक्षक राजन राव और डाक अधीक्षक पीसी तिवारी ने बताया कि यह लिफाफे तकरीबन सभी छोटे-बड़े डाकघरों पर भेजे जा रहे हैं। ताकि बहनों के लिए इसे खरीदना आसान हो जाए।