Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ को दी गई बम से उड़ाने की धमकी, आया 112 मुख्यालय के वाट्सएप नंबर पर मैसेज, मुकदमा दर्ज, देखें धमकी देने वाले का नाम
स्वतंत्रता दिवस से ठीक सात दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ा देने की धमकी दी गई है। जहां एक ओर पूरा प्रदेश व देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव पूरे जोश के साथ अमृत महोत्सव मना रहा है और हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, वहीं इस धमकी ने शासन और प्रशासन को चिंता में डाल दिया है। फिलहाल धमकी के बाद पुलिस, प्रशासन और खुफिया विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। बता दें कि योगी को धमकी पुलिस कंट्रोल रूम 112 के वाट्सएप नंबर पर मैसेज भेजकर दी गई है।
धमकी मिलने के बाद ही मुख्यालय आपरेशन कमांडर सुभाष कुमार ने तहरीर देकर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपित की तलाश कर रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें धमकी देने वालों की तलाश में लगा दी गई हैं।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी शैलेंद्र गिरी ने बताया कि दो अगस्त की शाम आपरेशन कमांडर के मुताबिक वह आफिस में थे। इस बीच यूपी 112 के सोशल मीडिया के वाट्सएप नंबर पर एक नंबर से शहीद खान नामक व्यक्ति द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तीन दिन के अंदर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। आपरेशन कमांडर ने इसकी जानकारी संप्रेक्षण अधिकारी अंकिता दुबे को दी। इसके बाद उच्चाधिकारियों को जानकारी देकर तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। आपरेशन कमांडर द्वारा वाट्सएप पर दी गई धमकी के मैसेज का स्क्रीन शाट भी मुहैया करा दिया गया है। सर्विलांस और साइबर सेल समेत पुलिस की कई टीमें नंबर के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। उसकी लोकेशन आदि ट्रेस करने का प्रयास जारी है। जल्द ही धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।