UP News: विश्वकर्मा जयंती पर योगी सरकार की बड़ी घोषणा, टाटा समूह की मदद से 50 ITI को बनाया जाएगा हाइटेक, बढ़ा दी गईं 46 हजार सीटें, देखें कौन-कौन से नए पाठ्यक्रम किए जा रहे हैं शामिल
लखनऊ। विश्वकर्मा जयंती पर उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी घोषणा करते हुए 50 आईटीआई को हाइटेक बनाने की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और टाटा समूह के सहयोग से 50 राजकीय आईटीआई को अत्याधुनिक बनाया जाएगा। इसके साथ ही राजकीय आईटीआई संस्थानों का विस्तार भी किया जाएगा।
बता दें कि राज्य में पांच वर्षों में 44 नए राजकीय आईटीआई खोले गए हैं और सीटों की संख्या में 46412 की वृद्धि की गई है। अब प्रदेश सरकार ने इन सभी संस्थानों को हाइटेक बनाने की ठानी है, जिसकी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और टाटा समूह को दी गई है। मालूम हो कि विश्ववकर्मा भगवान को पौराणिक काल का सबसे बड़ा सिविल इंजीनियर और वास्तुकार माना गया है। इसीलिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बड़ी घोषणा के लिए विश्वकर्मा जयंती के दिन को चुना।
तकनीकी के बदलते दौर में रोजगार के नए द्वार खोलने के लिए प्रदेश सरकार व्यावसायिक शिक्षा पर खासा जोर दे रही है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक आधारभूत ढांचे में व्यापक सुधार और नए ट्रेड में प्रशिक्षण का ही नतीजा है कि अब तक 2.20 लाख प्रशिक्षुओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी मिली है। पहली बार अप्रेंटिसशिप करने वालों की संख्या में अप्रत्याशित रूप से 30213 की बढोत्तरी हुई है। आईटीआई को प्रोत्साहित करने और प्रशिक्षुओं के बेहतर प्लेसमेंट के लिए सरकार नई नीति भी लागू करने जा रही है। रोजगार के अधिक अवसरों की संभावना को देखते हुए ड्रोन, आईओटी और सोलर में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश लिए जाएंगे। पांच लाइट हाउस आईटीआई भी बनाए जाएंगे। यह संस्थान अन्य संस्थाओं के लिए बेंचमार्क इंस्टीट्यूट होंगे, जबकि आठ राजकीय आईटीआई पीपीपी मॉडल पर खोले जाएंगे। इसके लिए निजी क्षेत्रों से करार किया जाएगा।
पाठ्यक्रम अब डिजीटल प्लेटफार्म प र भी
प्रदेश सरकार ने अगले दो वर्षों में राजकीय संस्थाओं को और बेहतर करने की योजना बनाई है। इसके तहत सभी राजकीय आईटीआई में स्मार्ट रूम तैयार किए जाएंगे। साथ ही सभी ट्रेड के पाठ्यक्रमों का डिजिटल कांटेक्ट उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (सीएमएपीएस) के तहत 35 हजार युवाओं को उद्योगों एवं एमएसएमई में अप्रेंटिसशिप कराई जाएगी।