Dhanteras-2022: वास्तु दोष खत्म करने के लिए धनतेरस पर करें ये तीन उपाय, दूर होगा आर्थिक संकट, लक्ष्मी प्राप्ति के लिए इस विधि से करें पूजा, प्रज्ज्वलित करें अखंड दीपक
कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी को धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। इस बार यह 22 अक्टूबर दिन शनिवार को पड़ रहा है। भारतीय ज्योतिष अनुसन्धान संस्थान के निदेशक विनोद कुमार मिश्र बताते हैं कि इस दिन यम-दीपदान जरूर करना चाहिए। इसी के साथ वह बताते हैं कि निर्धनता व आर्थिक संकट दूर करने के लिए धनतेरस का दिन सबसे उपयुक्त रहता है। इस दिन अगर पूरी श्रद्धा से कुछ उपाय कर लिए जाएं तो साल भर लक्ष्मी जी की कृपा बनी रहती है।
ये करें उपाय
निर्धनता दूर करने के लिए अपने पूजाघर में धनतेरस की शाम को अखंड दीपक जलाना चाहिए जो दीपावली की रात तक जरूर जलता रहे अगर दीपक भैयादूज तक अखंड दीपक जलता रहे तो घर के सारे वास्तु दोष भी समाप्त हो जाते हैं।
घर के ईशान कोण में गाय के घी का दीपक जलाएं। बत्ती में रुई के स्थान पर लाल रंग के धागे का उपयोग करें साथ ही दिए में थोड़ी सी केसर भी डाल दें।
घर के तेल का दीपक प्रज्वलित करें तथा उसमें दो काली गुंजा डाल दें, गन्धादि से पूजन करके अपने घर के मुख्य द्वार पर अन्न की ढ़ेरी पर रख दें। साल भर आर्थिक अनुकूलता बनी रहेगी। स्मरण रहे वह दीप रात भर जलते रहना चाहिये, बुझना नहीं चाहिये।
लक्ष्मी प्राप्ति के उपाय के लिए इस विधि से करें पूजा
दीपावली पर दक्षिणावर्ती शंख, केसर, गंगाजल का पात्र, धूप, अगरबत्ती, दीपक, लाल वस्त्र सामग्री के साथ साधक अपने सामने लक्ष्मीजी के फोटो रखें तथा उनके सामने लाल रंग का वस्त्र बिछाकर उस पर दक्षिणावर्ती शंख रख दें। उस पर केसर से स्वस्तिक बना लें तथा कुमकुम से तिलक कर दें। बाद में स्फटिक की माला से निम्न मंत्र की 7 मालाएँ करें। तीन दिन तक करने से मंत्र सिद्ध हो जाता है मंत्रजाप पूरा होने के पश्चात् लाल वस्त्र में शंख को बांधकर घर में रख दें। जब तक वह शंख घर में रहेगा, तब तक घर में निरंतर उन्नति होती रहेगी।
इस मंत्र का करें जाप
ॐ ह्रीं ह्रीं ह्रीं महालक्ष्मी धनदा लक्ष्मी कुबेराय मम गृहे स्थिरोभव ह्रीं ॐ नमः।