Aligarh News: दहेज में बाइक न मिलने पर भरी दोपहर में बहू को पेड़ से बांधकर ससुराल वालों ने जमकर पीटा…दर्द से तड़पती रही, देखें रूह कंपा देने वाला Video
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दहेज लोभियों ने तेज धूप के बीच भरी दोपहर में बहू को पेड़ से बांधकर इतना पीटा कि वह बेदम हो गई और दर्द से घंटों कराहती रही. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. महिला रो-रोकर बचा लेने की गुहार लगा रही है. मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
साल भर पहले हुई थी शादी
ये घटना अलीगढ़ के अतरौली के गांव सूरतगढ़ से सामने आई है. पुलिस ने बताया कि क्वारसी के बरहेती गांव की रहने वाली प्रीती की शादी फरवरी 2023 में अतरौली के सूरतगढ़ में रहने वाले महेश के साथ हुई थी और शादी के बाद से ही ससुरालवाले बाइक मांगने लगे लेकिन पीड़िता के मायके वाले उन लोगों क मांग पूरी नहीं कर सके. इस दौरान कई बार ससुरालवालों ने उसे पीटा लेकिन नाते-रिश्तेदारों के दखल से समझौता होता रहा. इसी बीच 24 फरवरी को उसके पिता की मौत हो गई. इसके बाद ससुरालवाले इतने बेखौफ हो गए कि उसे पहले से अधिक मारने-पीटने लगे.
गुरुवार को तो हद ही हो गई. पीड़िता ने आरोप लगाया कि गुरुवार की दोपदर 12 बजे की है. पति और सुसराल वालों ने घर के बाहर लगे पेड़ से उसके हाथ-पैर बांध दिए और फिर उसे पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान वह बचाने की गुहार लगा रही थी लेकिन कोई बचाने नहीं आया. इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने महिला के मायके वालों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद मौके पर मायके वाले पहुंचे और फिर पीड़िता को लेकर क्वार्सी थाने पहुंचे और पति, सास,ससुर समेत अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है.
आरोपियों की होगी गिरफ्तारी
अलीगढ़ सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय ने बताया कि एक महिला को पेड़ से बांधकर पीटने के वायरल वीडियो के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही प्रचलित की गई , टीमें गठित कर गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं. आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.