Amethi: रोकी जा सकती थी शिक्षक की हत्या…! विधायक का दावा, रायबरेली पुलिस भी जांच के घेरे में; सीएम योगी ने पीड़ित परिवार के लिए किया ये ऐलान-Video

October 5, 2024 by No Comments

Share News

Amethi Teacher Murder Case: अमेठी शिक्षक हत्याकांड के पीड़ितों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की और उनको हर तरह की मदद का भरोसा दिया. इसी के साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व 5 बीघा जमीन देने की घोषणा की है. इसी के साथ ही परिवार की सभी मांगों को मान लिया है. इसके अलावा रायबरेली पुलिस की भूमिका की भी जांच के निर्देश दिए हैं और कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.

मामले को नहीं लिया गया गंभीरता से

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम योगी से पीड़ित परिजनों की मुलाकात के दौरान ऊंचाहार से विधायक डॉ. मनोज पांडेय भी मौजूद रहे। उन्होंने इस मामले में पहले भी कहा था कि पुलिस ने मृतक शिक्षक की पत्नी से हुई छेड़छाड़ के मामले को गंभीरता से नहीं लिया था सिर्फ मुकदमा दर्ज किया था। मालूम हो कि छेड़छाड़ का मुकदमा 18 अगस्त को दर्ज किया गया था। विधायर का कहना है कि अगर उसी समय कड़ी कार्रवाई की जाती तो हत्याकांड को रोका जा सकता था. ये मुद्दा उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के सामने भी उठाया। इसी के बाद मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस की भूमिका की भी जांच के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार की रात को की गई थी हत्या

बता दें कि अमेठी में शिक्षक सुनील के साथ ही उनकी पत्नी पूनम और दो बच्चों की बृहस्पतिवार रात हत्या कर दी गई थी। हत्यारोपी चंदन वर्मा को एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार सुबह आरोपी की पुलिस कर्मियों से मुठभेड़ भी हुई जिसमें उसके पैर में गोली लगी है। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह लंगड़ाकर चलते हुए दिखाई दे रहा है और पुलिस ने उसको सहारा दे रखा है. फिलहाल आरोपी चंदन को अमेठी के गौरीगंज अस्पताल में एक्सरे के लिए लाया गया था। इस दौरान अस्पताल के आसपास भारी पुलिसबल की तैनाती रही।

गौरतलब है कि कंपोजिट स्कूल के शिक्षक सुनील, उनकी पत्नी और दो बेटियों के हत्या के आरोपी चंदन वर्मा को एसटीएफ ने शुक्रवार देर रात लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार किया. फिलहाल उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. आरोपी के पास एसटीएफ ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल व बाइक बरामद की।

शिक्षक की पत्नी से प्रेम-प्रसंग का दावा

आरोपी ने दावा किया है कि उसका शिक्षक की पत्नी से प्रेम प्रसंग था। इसीलिए उसने पूरे परिवार की हत्या कर दी। फिलहाल पीड़ित के परिवार की ओर से कहा गया है कि वह शिक्षक की पत्नी को परेशान कर रहा था. इस मामले में पुलिस के पास गए थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. तो वहीं एसटीएफ के सीओ ने बताया कि रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के सुदामापुर गांव निवासी शिक्षक सुनील कुमार और उनकी पत्नी पूनम भारती, बेटी सृष्टि व लाडो की बृहस्पतिवार देर शाम शिवरतनगंज क्षेत्र के अहोरवा भवानी कस्बे में किराए मकान में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी।

आरोपी की 14 दिन की रिमांड

पुलिस के मुताबिक, पुलिस कस्टडी में आरोपी ने दरोगा से पिस्तौल छीनकर फायरिंग की थी. इस मामले में पुलिस ने धारा 109 बीएस में एफआईआर दर्ज की है। दोनों मुकदमे अमेठी में दर्ज हैं. इसमें पुलिस चंदन वर्मा को रिमांड पर लेगी। रायबरेली न्यायालय में सीओ तिलोई आरोपी को पेश कर 14 दिन की रिमांड की मांग करेंगे।

आरोपी के ऊपर दर्ज हैं पहले से दो मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चंदन पर मोहनगंज और शिवरतनगंज थाना में पहले से ही दो मुकदमे दर्ज है। सामूहिक हत्याकांड में साक्ष्य संकलन के लिए पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपी से पूछताछ करेगी।

ये भी पढ़ें-“विद्यालय में बच्चों द्वारा झाड़ू लगाना किसी नज़रिए से गलत नहीं…” बोले यूपी सीएम योगी, सोशल मीडिया यूजर्स ने कुछ यूं दिया जवाब; शिक्षक संगठन ने कही ये बात-Video