Independence Day: दिल्ली लाल किले से लेकर लखनऊ की राजधानी तक स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर किए गए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, तैनात किए गए ड्रोन डिटेक्टशन सिस्टम, भारत-पाक सीमा पर कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था, देखें वीडियो
पूरा देश आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश को लेकर अमृत महोत्सव मना रहा है। इसी क्रम में 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) को लेकर दिल्ली के लाल किले से लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। लखनऊ के हजरतगंज चौराहे से बापू भवन तक 500 मीटर का एरिया सुपर सिक्योरिटी जोन घोषित कर दिया गया है। दूसरी ओर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा में भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली लाल किला
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किला क्षेत्र के पास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। ड्रोन की मदद से सुरक्षा पुख्ता की जा रही। TBRL,DRDO,प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि ये ड्रोन डिटेक्टशन सिस्टम है। आसपास 4 किलोमीटर के इलाके में जो भी संदिग्ध गतिविधि वाला ड्रोन देखा जाएगा उसे हम यहां से डिस्ट्रॉय कर सकते हैं।
लखनऊ
स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झंडा रोहण करेंगे। वहीं, 14 अगस्त की रात से ही विधानभवन और लोक भवन के दो किमी के दायरे में ड्रोन कैमरों से संदिग्धों पर निगरानी की जाएगी। रात पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर ने मातहतों को सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद विधानभवन और लोक भवन के आस पास सुरक्षा के मद्देनजर निरीक्षण किया। डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि विधानभवन के एक किमी के दायरे में बम स्क्वायड और डाग स्क्वायड टीम तीन टाइम चेकिंग कर रही है। मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा के उपकरण लगाए गए हैं। दो किलो मीटर की परिधि में आने वाली हर एक इमारत और घर पर पुलिस और खुफिया विभाग की नजर है। इमारतों और होटलों की चेकिंग की जा रही है।
देखें सुरक्षा में तैनात पुलिस बलों की संख्या
एडीसीपी मध्य लखनऊ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 11 से 17 अगस्त तक अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। सुरक्षा में दो एसपी, सात एएसपी, 17 सीओ, 29 इंस्पेक्टर, 192 दरोगा, 18 महिला दरोगा, 436 कांस्टेबल, 145 महिला कांस्टेबल, इटेलिजेंस के एसपी समेत 55 अधिकारी/कर्मचारी, चीफ फायर आफिसर समेत 32 अधिकारी, रेडियो शाखा से 34 अधिकारी/कर्मचारी तैनात रहेंगे। वहीं, यातायात संभालने के लिए 12 टीआई, 105 टीएसआई, 317 कांस्टेबल और 176 होमगार्ड समेत करीब तीन हजार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसी के साथ लखनऊ में स्वतंतत्रता दिवस के मौके पर इस बार विधानभवन और लोक भवन की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एटीएस का स्पेशल कमांडो दस्ता और करीब तीन हजार पुलिस कर्मियों, अर्धसैनिक बल की ड्यूटी लगाई गई है। इसी तरह पूरे देश के प्रत्येक राज्यों में कड़ी सुरक्षा के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। (फोटो एएनआई से ली गई है)