चौंका देने वाला मामला; नोट पर महात्मा गांधी की जगह पर छाप दी अनुपम खेर की फोटो…सर्राफा व्यापारी के साथ हो गया ये बड़ा खेल-Video
Anupam Kher: गुजरात के अहमदाबाद से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है. अहमदाबाद पुलिस ने 500 रुपये के हजारों ऐसे नोट जब्त किए हैं, जिस पर महात्मा गांधी की फाटो की जगह पर हिंदी सिनेमा के अभिनेता अनुपम खेर की तस्वीर छाप दी गई है. ये कुल रकम 1 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है.
हैरान करने वाली बात तो ये है कि फर्जी नोट पर ‘रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया’ की जगह ‘रिसोल बैंक ऑफ इंडिया’ लिखा हुआ है. इसके अलावा नोट के बंडल पर SBI का जो कागज लगा है, वो भी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया नहीं बल्कि Start Bank of India का नाम छपा है. इससे साफ होता है कि इस फर्जी खेल की योजना बड़ी लंबी और गहरी है और इसके तार किसी बड़े माफिया से जुड़े हुए हैं. इसको लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसको लेकर खुद अनुपम खेर ने आश्चर्य प्रकट किया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी तस्वीर छपे नोट की फोटो शेयर करते हुए लिखा है- ‘लो जी कर लो बात… कुछ भी हो सकता है!’
लो जी कर लो बात! 😳😳😳
पाँच सौ के नोट पर गांधी जी की फ़ोटो की जगह मेरी फ़ोटो???? कुछ भी हो सकता है! 😳😳😳 pic.twitter.com/zZtnzFz34I— Anupam Kher (@AnupamPKher) September 29, 2024
गुजरात के व्यापारी को बनाया गया शिकार
इंडियन एक्सप्रेस में इस सम्बंध में एक खबर प्रकाशित की गई है. इसके मुताबिक नकली नोट एक सर्राफा व्यापारी मेहुल ठक्कर के पास से जब्त किए गए हैं. इसको लेकर सर्राफा व्यापारी ने बताया कि उसको एक करोड़ 60 लाख रुपये की रकम कैश में दी जानी थी. एक व्यक्ति ने उसे बैग में कैश भर कर दिया. जब बैग खोला तो उसमें से नकली नोट निकले और इन नोटों पर महात्मा गांधी की जगह अनुपम खेर की फोटो लगी हुई थी. फिलहाल व्यापारी की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और फर्जी नोटों के पीछे के मास्टरमाइंड की तलाश करने में जुट गई है. इसके अलावा इन फर्जी नोटों की छपाई को लेकर भी जांच की जा रही है और कितनी फेक करेंसी फैलाई जा चुकी हैं? इसको लेकर भी पुलिस खोजबीन कर रही है.
ये भी पढ़ें-Kumbh Mela-2025: कुंभ मेले के लिए चलेंगी 992 स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं