Teachers Day 2022: शिक्षक दिवस पर कंपोजिट विद्यालय के सहायक अध्यापक को मिलेगा राज्य पुरस्कार, 2012 से अब तक मिल चुके हैं दर्जनों सम्मान, देखें पूरी जानकारी
इस बार शिक्षक दिवस (5 सितम्बर 2022) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर जिले के टीचर दिलीप कुमार सिंह को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसकी घोषणा शनिवार को शासन द्वारा वर्ष 2021 के राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय से चयनित प्रधानाध्यापकों तथा सहायक अध्यापकों जारी सूची में कर दी गई है। दिलीप कुमार पिछड़े ब्लाक भीटी के कंपोजिट विद्यालय बसोहरी के शिक्षक हैं और वह लगातार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर से बेहतर करने में जुटे हैं। उनको शिक्षण सुविधा और गुणवत्ता को संवारने में अग्रणी और उत्कृष्ट होने का राज्य पुरस्कार दिया जाएगा।
बता दें कि शिक्षक दिवस से पहले शनिवार को योगी सरकार ने प्रदेश भर के उन शिक्षकों की सूची जारी कर दी, जिनका सम्मान राज्य शिक्षक पुरस्कार-2021 के लिए होने वाला है। हालांकि इस बार योगी सरकार ने प्रदेश भर के 75 जिलों से एक-एक शिक्षक का चयन किया है, जिनका सम्मान पांच सितम्बर को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए किया जाएगा। सम्मानित होने वाले सभी शिक्षक बेसिक शिक्षा विभाग के हैं। इनमें से पांच शिक्षकों को सरकार सम्मानित करेगी, जिसमें दिलीप का भी नाम शामिल हैं।
हमेशा प्रथम श्रेणी रहे हैं दिलीप
मीडिया सूत्रों के मुताबिक दिलीप कुमार सिंह फरवरी 2009 में बेसिक शिक्षा विभाग में शामिल हुए थे। वह पढ़ाई के दौरान होनहार रहे। हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, बीएड्, टीईटी, सीटीईटी में प्रथम श्रेणी से पास हुए हैं। वर्ष 2015 में प्रमोशन पाकर प्राथमिक विद्यालय बसोहरी के प्रधानाध्यापक बन गए। शासन के निर्णय पर एक परिसर में स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय का संचालन संयुक्त करके उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को दोनों विद्यालयों की निगरानी सौंपने के बाद दिलीप सिंह वर्ष 2021 से कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक बन गए।
ये मिल चुका है सम्मान
दिलीप कुमार ने विद्यालय में भयमुक्त, गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए हमेशा कार्य किया। इसके लिए दिलीप को खंड शिक्षा अधिकारी व पानी संस्थान से वर्ष 2012 में सम्मान मिला था। इसके बाद दिलीप सिंह के नेतृत्व में विद्यालय उपलब्धि की सीढ़ी चढ़ने लगा। वर्ष 2013-14 में भीटी ब्लाक के आदर्श अध्यापक बने। वर्ष 2015-16 में जिला स्तरीय खेल में सराहनीय का बीएसए डा. आरबी मौर्य ने प्रशस्ति पत्र दिया।
इसी वर्ष मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में खास योगदान के लिए सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक फैजाबाद मंडल राम शंकर ने प्रशस्ति पत्र दिया। बीआरसी भीटी पर विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों व ट्रेनिंग में मास्टर ट्रेनर रहे। शैक्षिक सत्र 2016-17 जिला बाल क्रीडा प्रतियोगिता में सराहनीय योगदान के लिए बीएसए जेएन सिंह ने प्रशस्ति पत्र दिया।
2017-18 में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव व बीएसए (जिला बेसिक शिक्षाधिकारी) से शिक्षक दिवस पर दिलीप कुमार सिंह को पहली बार शिक्षक सम्मान से अलंकृत किया गया। मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार वर्ष 2017 में विद्यालय को फाइव स्टार रैंक दिलाते हुए जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। 2018 को शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए तत्कालीन सांसद डा. हरिओम पांडेय और बीएसए अतुल कुमार सिंह ने सम्मानित किया था। वर्ष 2018 में शिक्षा उन्नयन संगोष्ठी एवं आरटीई मेला आयोजन करने में अच्छे योगदान पर तत्कालीन टांडा विधायक संजू देवी ने सम्मानित किया।
मिल रही बधाई
राज्य पुरस्कार के लिए शिक्षक दिलीप सिंह का चयन होने पर बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह समेत शिक्षकों एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर है। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष बृजेश मिश्र, मंत्री सतन कुमार आदि ने उनको इसके लिए बधाई दी।