Budget 2023: “भारत जल्द बनेगा 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था”, बजट के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कही बड़ी बात, बजट देखें एक नजर में, वीडियो

February 1, 2023 by No Comments

Share News

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने (Nirmala Sitharaman) बुधवार को देश का आम बजट (Aam Budget 2023) पेश कर दिया है। इसके लेकर किसी ने खुशी तो किसी ने गम की संज्ञा दी है। विपक्ष इस बजट पर असंतोष जता रहा है तो वहीं सत्ता पक्ष इस बजट को ऊंची उड़ान वाला बता रहा है। वहीं बजट प्रस्तुत करने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि, भारत जल्द 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था चमकता सितारा है। उन्होंने बताया कि गरीब खाद्यान्न योजना 1 साल के लिए बढ़ाई गई है। वित्त मंत्री ने इस बीच बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 7 लाख की आय तक अब कोई टैक्स नहीं लगेगा। उन्होंने नए टैक्स स्लैब की भी घोषणा की। बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि पैन अब राष्ट्रीय पहचान पत्र के रूप में जाना जाएगा। बजट में घोषणा की गई कि इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमोबाइल, खिलौने और देसी मोबाइल सस्ते होंगे। वहीं, चिमनी, कुछ मोबाइल फोन और कैमरे के लेंस, सिगरेट सोना, चांदी, प्लैटिनम महंगा होगा।

वित्त मंत्री ने आगे कहा कि 2014 से सरकार के प्रयासों ने सभी नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाया है। प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक बढ़कर 1.97 लाख रुपये हो गई है। इन 9 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था आकार में 10वें से 5वें स्थान पर पहुंच गई है। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि युवा उद्यमियों द्वारा कृषि-स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए कृषि कोष बनाया जाएगा। वहीं, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मिशन मोड पर काम किया जाएगा।

बता दें कि अगले साल लोक सभा चुनाव होने के चलते मोदी सरकार के लिए यह बजट काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था। आम चुनाव से पहले मोदी सरकार का यह आखिरी पूर्ण बजट होने के चलते लोगों और कॉरपोरेट सेक्टर को भी इससे बड़ी उम्मीदें थीं।

बजट देखें एक नजर में

157 नए नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जाएगी। इन्हें 157 मेडिकल कॉलेज की मदद से स्थापित किया जाएगा। 157 नए मेडिकल कॉलेज को 2014 के बाद स्थापित किया गया है।
एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल अगले 3 साल में स्थापित किए जाएंगे, जिसमे 38,800 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। 740 सपोर्ट स्टाफ की भर्ती की जाएगी, जिसकी मदद से 3.5 लाख आदिवासी छात्रों को शिक्षा मुहैया कराई जाएगी।
50 अतिरिक्त एयरपोर्ट, हेलीपैड, वॉटर एयरो ड्रोन, एडवांस लैंडिंग ग्राउंड को बेहतर किया जाएगा ताकि क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी को बेहतर किया जा सके।


केवाईसी की प्रक्रिया को आसान किया जाएगा। पैन कार्ड को भी पहचान पत्र के तौर पर स्वीकार किया जाएगा।
महिला सम्मान सेविंग्स पत्र की घोषणा, 2 साल के लिए 2 लाख ₹ तक की लिमिट, 7.5% इंटरेस्ट के साथ
Senior Citizens स्कीम की राशि बढाई गई है। अब वरिष्ठ नागरिक 30 लाख रुपये तक का निवेश कर सकते हैं, जबकि पहले यह 15 लाख रुपये था
टैक्स स्लैब की सीमा को बढ़ाकर 7 लाख रुपए किया गया। लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को मिली बड़ी राहत।

देखें क्या बोले एक्सपर्ट

आशीष भूटानी, सीईओ, भूटानी इंफ्रास्ट्रक्चर ने बजट को लेकर कहा कि, “इस बजट में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप में कई ऐसे प्रावधान किये गए हैं, जिनसे इंफ्रास्टक्चर को भी निश्चित रूप से बढ़ावा मिलेगा। आम लोगों को टेक्स में मिली छूट से उनमें धन संचय करने की प्रवत्ति बढ़ेगी। इन सब से रियल एस्टेट को भी बढ़ावा मिलेगा। आम लोगों में खरीदने की क्षमता में भी इजाफा होगा। वित्त मंत्री ने इस उद्देश्य के लिए प्रति वर्ष 10,000 करोड़ रुपये के फंड की घोषणा के साथ टियर-2-3 शहरों में शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति अपनी गहरी रुचि को भी प्रदर्शित किया है।”

अजय चौधरी, सीएमडी, एसीई ग्रुप, कहते हैं कि, हम केंद्रीय बजट 2023 की महत्वपूर्ण घोषणाओं का स्वागत करते हैं, जिससे रियल एस्टेट क्षेत्र विकास पथ पर अग्रसर हो सके। नई कर व्यवस्था में आयकर छूट की सीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये करने जैसी घोषणा किफायती और लक्जरी आवास दोनों क्षेत्रों में मांग निर्माण को बनाए रखेगी। उपभोक्ताओं के हाथों में अधिक डिस्पोजेबल आय देने के अलावा, शहरी नियोजन में सुधारों को प्रोत्साहित करने पर इस बजट का ठोस ध्यान भारत के पहले से ही संपन्न रियल एस्टेट क्षेत्र को और बढ़ावा देगा।

कर सलाहकार सिमरन जीत सिंह कहते हैं कि, माध्यम वर्ग के लिया यह बजट बहुत ही अच्छा हे आयकर छूट की सीमा बढ़ना से क्रय शक्ति से भारतीय अर्थव्यवस्था में भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।