Lucknow News: सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थकों में फूंकी श्रीरामचरित मानस की प्रतियां, वीडियो वायरल, गिरफ्तारी की मांग
लखनऊ। सपा नेता स्वामी प्रसाद के समर्थकों ने रविवार को श्रीरामचरित मानस की प्रतियां फाड़-फाड़ कर फूंक दीं और लातों से भी रौंदा व जमकर आग उगला। जानकारी सामने आ रही है कि कल अखिलेश यादव से स्वामी प्रसाद मिलने गए थे। इसके बाद अखिलेश यादव मां पीताम्बरा देवी के यज्ञ में गए थे और वहां भी जमकर हंगामा हुआ था। इसके बाद रविवार को लखनऊ के वृंदावन योजना में श्रीरामचरितमानस की प्रतियां जलाई गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग स्वामी प्रसाद पर दंगा भड़काने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में प्रतियां फूंकने वाले खुद को अखिल भारतीय ओबीसी महासभा का बता रहे हैं। इसी के साथ घटनास्थल पर इसका बैनर भी लगा रखा है, जिस पर स्वामी प्रसाद मौर्य की तस्वीर लगी हुई है। इस मामले में पुलिस ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर भाजपा सहित तमाम हिंदू व ब्राह्मण संगठनों ने विरोध अभियान चला रखा है और मौर्य की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
मौर्य ने कहा नहीं बदलेंगे बयान
सपा के विधान परिषद के सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य ने रविवार की सुबह ही एक नया बयान देते हुए कहा कि उन्होंने रामचरितमानस पर जो बयान दिया है उसे वह नहीं पलटेंगे। रविवार को उन्होंने कहा कि धर्म की दुहाई देकर आदिवासियों, दलितों-पिछड़ों व महिलाओं को अपमानित किए जाने की साजिश का विरोध करता रहूंगा, जिस तरह कुत्तों के भौंकने से हाथी अपनी चाल नहीं बदलता, उसी तरह से इनको सम्मान दिलाने तक मैं भी अपनी बात नहीं बदलूंगा।
जानें क्या दिया था विवादित बयान
मालूम हो कि हाल ही में स्वामी प्रसाद मौर्य ने हिंदू धर्मग्रंथ श्रीरामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि रामचरितमानस में दलितों और महिलाओं का अपमान किया गया है। तुलसीदास ने इसे अपनी खुशी के लिए लिखा था। करोड़ों लोग इसे नहीं पढ़ते। उन्होंने सरकार से इस पर प्रतिबंध तक लगाने की मांग तक कर दी थी। उन्होंने रामचरितमानस को बकवास बताते हुए इसकी कुछ चौपाइयां हटवाने की मांग की थी। इसी के बाद से पूरे उत्तर प्रदेश में उनका विरोध शुरू हो गया है। तो वहीं रविवार को हुई प्रतियां फूंकने की इस घटना ने इस विवाद में आग में घी का काम किया है। (फोटो सोशल मीडिया)
यहां देखें वीडियो