कर्नल सोफिया कुरैशी का ये Video है फर्जी, इसे बिल्कुल भी न करें शेयर; हो सकती है कार्रवाई

Share News

Colonel Sofia Qureshi Fake Video: पाकिस्तान के आतंकियों के खिलाफ भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लीड करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को आज भला कौन नहीं जानता. पूरा भारत उन पर गर्व करता है. तो इसी बीच मध्य प्रदेश के भाजपा मंत्री विजय शाह ने उनको लेकर विवादित बयान दिया था. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सोफिया कुरैशी कहती दिख रही हैं कि वह मुसलमान हैं लेकिन पाकिस्तानी नहीं है.

बता दें कि भाजपा मंत्री के विवादित बयान के बाद कुछ अराजक तत्वों ने डीप फेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है. इसी के बाद से सोशल मीडिया यूजर्स आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. बता दें कि इस वीडियो में सोफिया कुरैशी का चेहरा लगाया गया है. वीडियो में उनको सेना की वर्दी में दिखाया गया है और डीपफेक की मदद से इस वीडियो को बनाकर किसी की आवाज डाल दी गई है. इस फेक वीडियो में जो आवाज डाली गई है उसमें कहा जा रहा है कि “मैं मुसलमान हूं मगर पाकिस्तानी नहीं, मैं मुसलमान हूं, मगर आतंकवादी नहीं…आतंकवादी का कोई धर्म नहीं होता है. हर आतंकवादी को अपने हाथों से मारने का जिगरा रखती हूं मैं, वो भी बिना धर्म पूछे…”

इस वीडियो के कॉमेंट बॉक्स में सोशल मीडिया यूजर्स उस शख्स को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं जिसने ये वीडियो बनाया है. इसी के साथ ही इस वीडियो को आगे शेयर न करने की अपील भी की जा रही है क्योंकि जल्द ही सरकार इसके खिलाफ सख्त एक्शन ले सकती है और वीडियो शेयर करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की जा सकती है.

बता दें कि इस वीडियो को देखते ही लोग पहली ही नजर में पहचान गए कि ये डीपफेक वीडियो है. जहां कांग्रेस सहित देश के तमाम लोग बीजेपी नेता विजय शाह को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. तो वहीं इस फेक वीडियो को बनाकर शेयर करने वाले के खिलाफ भी गिरफ्तारी की मांग की जा रही है.

जानें क्या विवादित बयान दिया था बीजेपी नेता ने?

कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की एक जांबाज अधिकारी हैं और उनको कई सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है लेकिन मध्य प्रदेश के बीजेपी नेता विजय शाह के विवादित बयान से पूरा देश शर्मसार हो गया है. हालांकि वह कई बार माफी मांग चुके हैं लेकिन उनका बयान किसी भी तरह से माफी के लायक दिखाई नहीं देता. कल ही जबलपुर हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश स्थानीय पुलिस को दिया था तो वहीं आज सुप्रीम कोर्ट ने भी उनको फटकार लगाई है. बता दें कि एक कार्यक्रम के दौरान विजय शाह ने उनको आतंकियों के समाज की बहन कहकर संबोधित किया था. हालांकि वह अपने बयान को लेकर कई बार सफाई देते हुए कह चुके हैं कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला जा रहा है.

यहां पर वीडियो का लिंक शेयर करने का मकसद सिर्फ इसलिए है ताकि पाठकों को वीडियो की पहचान हो सके और वह आगे उसे शेयर न करें.

ये भी पढ़ें-भाजपा मंत्री विजय शाह की बढ़ी मुसीबत…हाईकोर्ट ने दिया FIR दर्ज कराने का आदेश; कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिया था विवादित बयान-Video