यमुना एक्सप्रेसवे हादसे में इस भाजपा नेता की हुई मौत… प्रत्यक्षदर्शी ने बताई रूह कंपा देने वाली आंखों देखी-Video

December 16, 2025 by No Comments

Share News

Delhi Agra Yamuna Expressway Accident: मंगलवार की तड़के उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भयानक सड़क हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है. हादसा सुबह लगभग 4:30 बजे आगरा से नोएडा की तरफ माइलस्टोन 127 पर हुआ. घने कोहरे की वजह से सात बसें और 3 छोटी गाड़ियां आपस में टकरा गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई.

कोहरा इतना अधिक था कि लो विजिबिलिटी की वजह से ये हादसा हुआ. हादसे में करीब 33 लोग घायल बताए जा रहे हैं हालांकि सोशल मीडिया पर एक प्रत्यक्षदर्शी का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह दावा कर रही है कि हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई और अनगिनत लोग घायल हुए हैं. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि किस तरह उसने बस से कूद कर अपनी जान बचाई. प्रत्यक्षदर्शी ने ये भी दावा किया है कि अगर समय पर प्रशासन की मदद मिल जाती तो बस में सवार लोगों को बचा सकते थे.

फिलहाल घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे में 7 बसें और 3 कारें आपस में टकराईं और फिर इतना तेज धमाका हुआ कि मानो बम फटा हो. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख मुआवज़े का ऐलान किया है और हादसे पर दुख प्रकट किया है. तो वहीं इस हादसे में प्रयागराज के भाजपा नेता अखिलेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजू यादव की भी मौत हो गई है. वह रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य थे और अपने साथियों के साथ कार से दिल्ली जा रहे थे. घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपा नेता सोमवार की रात कार से अपने मित्र राजकुमार, सुनील गुड्डू और नीरज कुमार यादव के साथ भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को शुभकामना देने के लिए दिल्ली जा रहे थे और रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई. कार में आग लगने से अखिलेंद्र प्रताप गम्भीर रूप से झुलस गए जिससे उनकी मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शी का वीडियो शेयर कर सपा ने साधा निशाना

सोशल मीडिया एक्स पर समाजवादी पार्टी ने प्रत्यक्षदर्शी का वीडियो शेयर कर योगी सरकार पर निशाना साधा है. सपा ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, मथुरा में हुए हादसे के जीवित बची चश्मदीद यात्री की मुंह जुबानी सुनिए. इस महिला का स्पष्ट कहना है कि 30 से अधिक मौतें हुई हैं, अनगिनत लोग गंभीर रूप से घायल हैं और मरणासन्न हैं. प्रशासनिक मदद बहुत देर में पहुंची, अगर मदद सही समय पर पहुंच जाती तो कईयों की जान बच सकती थी. अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और भाजपा सरकार एवं भाजपा नेतृत्व बताए कि मदद सही समय पर क्यों नहीं पहुंची?

हादसे को रोकने के पूर्व सुरक्षा उपाय क्या क्या किए गए हैं प्रशासन की तरफ से? सच्चाई यह है कि पूरी भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री समेत संपूर्ण मंत्रिमंडल, शासन में बैठे अधिकारी सब के सब महाभ्रष्ट हैं, सिर्फ भ्रष्टाचार कर रहे हैं, जनता का पैसा लूट रहे हैं और जनता को मौत के मुंह में झोंक रहे हैं. ये लुटेरे भाजपाइयों ने सत्यानाश कर डाला है, इन लुटेरे भाजपाइयों द्वारा यूपी को बर्बाद कर डाला गया है.

ये भी पढ़ें-Bihar CM नीतीश कुमार ने मंच पर खींचा मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब… RJD-कांग्रेस ने साधा निशाना-Video