Bihar CM नीतीश कुमार ने मंच पर खींचा मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब… RJD-कांग्रेस ने साधा निशाना-Video

December 15, 2025 by No Comments

Share News

Nitish Kumar Viral Video: सोशल मीडिया पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि नीतीश कुमार सार्वजनिक मंच पर एक मुस्लिम महिला के चेहरे से हिजाब खींच रहे हैं. इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर आरजेडी के साथ ही कांग्रेस ने निशाना साधा है.

सोमवार को यह वीडियो बिहार की राजधानी पटना से सामने आया है. दरअसल यहां पर आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1283 आयुष डॉक्टरों (आयुर्वेदिक, होमियोपैथिक और यूनानी) को नियुक्ति पत्र दिया. इसी दौरान एक मुस्लिम महिला नुसरत परवीन भी नियुक्ति पत्र लेने के लिए मंच पर पहुंची तो नियुक्ति पत्र देते हुए नीतीश कुमार ने हिजाब खींच दिया. यही नहीं नीतीश कुमार ने महिला डॉक्टर से ये भी कहा कि ये क्या लगाए हो. इसी के साथ ही हिजाब खींच दिया.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय भी शामिल हुए.

मानसिक स्थिति नहीं ठीक

RJD ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, यह क्या हो गया है नीतीश जी को? मानसिक स्थिति बिल्कुल ही अब दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी है या नीतीश बाबू अब 100% संघी हो चुके हैं?

कांग्रेस ने कहा घटिया हरकत

सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने लिखा, ये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं. इनकी बेशर्मी देखिए- एक महिला डॉक्टर जब अपना नियुक्ति पत्र लेने आई तो नीतीश कुमार ने उनका हिजाब खींच लिया. बिहार के सबसे बड़े पद पर बैठा हुआ आदमी सरेआम ऐसी नीच हरकत कर रहा है. सोचिए- राज्य में महिलाएं कितनी सुरक्षित होंगी? नीतीश कुमार को इस घटिया हरकत के लिए तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए. ये घटियापन माफी के लायक नहीं है.

ये भी पढ़ें-महिला पुलिसकर्मी ने हाईवे पर गाड़ी रोक कर किया डांस…Video वायरल