RSS और भाजपा के बारे में जानकारी एकत्र कर रहा था फल बेचने वाला, देखें PFI की नई चाल, NIA के हाथ लगी बड़ी सूचनाएं

January 27, 2023 by No Comments

Share News

प्रतिबंध लगने के बाद भी पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के कारनामे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसके एक कार्यकर्ता को केरल के कोल्लम से गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी एक फल विक्रेता है और वह भाजपा के साथ ही आरएसएस (RSS) से जुड़ी तमाम अंदर की जानकारी जुटाने का काम कर रहा था।

बता दें कि 17 जनवरी को एनआईए ने कोल्लम में तलाशी के दौरान मुहम्मद सादिक को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से डिजिटल डिवाइस के साथ ही कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद हुए थे। गिरफ्तारी के बाद से ही एनआईए सादिक से लगातार पूछताछ कर रही है और बीजेपी-संघ की मुखबिरी में लगे अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पूछताछ में सामने आया है कि उसको फल बेचने का काम दिया गया था। इसी के साथ उससे पीएफआई ने भाजपा और संघ से जुड़ी जानकारियां निकालने के लिए भी कहा था।

इसी के साथ पीएफआई ने भाजपा और संघ के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए कहा था, ताकि वह कार्यकर्ताओं के नजदीक जाकर तमाम जानकारियां जुटा सके। जानकारी सामने आई है कि सादिक के दो बच्चे हैं। वह 2012 से पीएफआई के संपर्क में है। सादिक के पास से आरएसएस के कार्यक्रमों और गेस्ट लिस्ट के पर्चे भी मिले हैं। इसके आधार पर जांच एजेंसी और तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

बता दें कि प्रतिबंधित संगठन के खिलाफ एनआईए की टीम को तमाम जानकारी हाथ लगी है। एनआईए की तरफ से बताया गया है कि प्रतिबंधित संगठन विभिन्न धर्मों और समूहों के सदस्यों के बीच नफरत को बढ़ावा देने के साथ-साथ गरीब युवाओं को लश्कर-ए-तैयबा और आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठनों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करता है। इसके अलावा पीएफआई हिंसक जिहाद के रूप में आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देकर भारत में इस्लामी शासन स्थापित करने की साजिश में भी लिप्त है और युवाओं का ब्रेन वॉस करने का काम भी कर रहा है।