Health Tips: शामें ठंडी और दिन में तेज धूप…रहें सतर्क; बुजुर्ग-बच्चे बरतें ये सावधानी

January 14, 2026 by No Comments

Share News

Health Tips: मकर संक्रांति आते-आते देश के तमाम हिस्सों में दिन में तेज धूप निकलने लगी है लेकिन शामें ठंडी और गलन भरी हैं. ऐसे में दिन में लोग खूब धूप सेंक रहे हैं लेकिन शाम होते-होते ही हाथ-पांव गलने लग रहे हैं. मौसम के इस उतार-चढ़ाव में सर्दी-जुखाम और बुखार की सम्भावना भी बढ़ गई है तो वहीं सोशल मीडिया पर चिकित्सक इस मौसम में सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं.

चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण इम्युनिटी प्रभावित हो रही है. चिकित्सकों का कहना है कि दिन में गर्मी और शाम को ठंड लगने से शरीर का तापमान संतुलन बिगड़ जाता है. नतीजतन लोगों के बीमार पड़ने की सम्भावना बढ़ जाती. खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग जल्दी चपेट में आ रहे हैं. तो वहीं इस मौसम मे अस्पतालों में खांसी, जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या भी बढ़ने की सम्भावना अधिक होती है. 

ये करें बचाव

सोशल मीडिया पर आगरा के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशीष मित्तल की सलाह तेजी से वायरल हो रही है. उन्होंने सलाह देते हुए बच्चों और बुजुर्गों को सतर्क रहने का सुझाव दिया है. वह कहते हैं कि मौसम के अनुसार कपड़ों में संतुलन बनाए रखें. अचानक गर्म कपड़े न उतारें क्योंकि इससे शरीर का तापमान तेजी से बदलता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.  सुबह और शाम के समय ठंड अधिक होने पर अनावश्यक बाहर निकलने से बचें. जरूरत हो तो ही बाहर जाएं.

इस समय धूप निकलने पर अगर गर्मी महसूस हो तो अचानक गर्म कपड़े न उतारें. क्योंकि शरीर को लगातार गर्म बनाए रखना जरूरी है. धूप में बैठने के बाद अगर जरा भी ठंड लगे तो तुरंत कपड़े पहन लें. इस दौरान जरूरी है कि तापमान में उतार-चढ़ाव से शरीर को बचाएं.

नियमित रूप से टहलने वाले सुबह के बजाय दोपहर में टहलें. क्योंकि सुबह शीतलहर की वजह से ठंड अधिक होती है, जिससे टहलना नुकसानदायक हो सकता है. तो वहीं दोपहर में धूप निकलने से शरीर को गर्माहट मिलती है जो कि हमारे लिए लाभकारी है. 

ठंड की वजह से नसें सिकुड़ सकती हैं. इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ने की सम्भावना रहती है. इसलिए बीपी, हृदय रोग, सांस की बीमारी और अन्य गंभीर रोगों से ग्रसित लोग कोशिश करें कि सुबह ठंड में टहलने के लिए न निकलें. दोपहर में ही टहलने जाएं. 

 बदलते मौसम में संतुलित भोजन करें. शरीर को गर्म रखें. धूप का सही उपयोग करें. ठंड से बचाव ही इस मौसम में बीमारियों से बचा सकता है. सही दिनचर्या और सावधानी बरतकर बदलते मौसम से निपटा जा सकता है. 

छोटे बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में खास ख्याल रखने की जरूरत है. दोपहर में हल्की गर्मी की वजह से लोग कम कपड़े पहन लेते हैं जिससे ठंड लगने की भी सम्भावना रहती है. क्योंकि शाम होते ही ठंड बढ़ जाती है. इसलिए पूरे दिन पर्याप्त कपड़े पहनें ताकि सर्दी-जुकाम और बुखार से शरीर को बचाया जा सके.

ये भी पढ़ें-अगर कड़ाके की ठंड में इस्तेमाल कर रहे हैं गैस गीजर…जरूर बरतें ये सावधानी