Jammu & Kashmir: फारूक अब्दुल्ला के बदले सुर, कहा “केवल हिंदू के ही नहीं हैं भगवान राम, सबके हैं, जो नहीं मानता, उनके भी हैं, सिर्फ कुछ लोगों के ही नहीं”, वायरल हुआ वीडियो, देखें और क्या कहा

November 20, 2022 by No Comments

Share News

सोशल मीडिया पर जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि भगवान राम पूरे विश्व के हैं। वह सबके हैं। जो लोग उनको नहीं मानते, वह उनके भी भगवान हैं। कुछ लोगों के ही वह भगवान नहीं हैं।

यह वीडियो जम्मू-कश्मीर के अखनूर का बताया जा रहा है, जहां वह एक कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इसी दौरान सांसद अब्दुल्ला ने कहा, ‘भगवान राम सभी के हैं। कुछ लोग भगवान राम को अपना होने की बात करते हैं। उनसे मैं कहना चाहता हूं, भगवान राम विश्व का भगवान है। भगवान राम सबके हैं। वह उनके भी भगवान है, जो भगवान को नहीं मानते हैं। यह समझना चाहिए कि हमें इक्कठे चलना है। कोई धर्म नहीं कहता कि बेईमानी करो। सभ धर्म कहते हैं सही करो। कोई धर्म खराब नहीं है। जब हम अपना धर्म जान लेंगे तब हमें दूसरों का धर्म खराब नहीं लगेगा।’

वहीं, इस दौरान डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि वह अगला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, चाहे जब चुनाव हों। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जब तक जम्मू-कश्मीर के लोगों के दिलों पर राज नहीं करेगी, तब तक राज्य में शांति बहाल नहीं होगी। आगे उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दोबारा बहाल किया जाए, ताकि लोगों को अपना हक मिल सके। फारूक ने कहा, 1947 में कबाइलियों के हमले के दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री जिन्ना ने पिता शेख मोहम्मद अब्दुल्ला को पाकिस्तान में शामिल होने का आग्रह किया था। उन्होंने भारत के साथ जाने का फैसला किया। आज पाकिस्तान में फौज की हुकूमत चलती है और भारत में जनता की लेकिन जम्मू-कश्मीर में लोकतांत्रिक सरकार नहीं होने की वजह से आम लोगों की सुनवाई नहीं हो पा रही है।

देखें और क्या कहा
नेकां अध्यक्ष पद चुनाव के लिए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पांच दिसंबर को चुनाव होगा। नेशनल कांफ्रेंस लोकतांत्रिक पार्टी है। इसमें पार्टी नेता नामांकन दाखिल करेंगे और डेलीगेट अपनी पसंद का अध्यक्ष चुनेंगे। एक समाचार चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह फिर से अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। हालांकि उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कार्यकर्ता जिसे अध्यक्ष चुनेगी वो पार्टी का फिर से अध्यक्ष बनेगा। (फोटो-सोशल मीडिया)