Kanpur News: मानस अनुशीलन का आयोजन 17 दिसम्बर को VSSD कॉलेज में, इस समय होगा कार्यक्रम का आयोजन
Kanpur News: रविवार 17 दिसंबर 2023 को वीएसएसडी कॉलेज सभागार ( प्रार्थना स्थल ) कानपुर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मानस अनुशीलन का आयोजन होने जा रहा है. इस मौके पर बड़ी संख्या में राम भक्त उपस्थित रहेंगे.
कार्यक्रम को लेकर योगेश कुमार श्रीवास्तव कहते हैं कि,
भूप बागु बर देखेउ जाई ।
जहं बसंत रितु रही लोभाई ।।
लगे बिटप मनोहर नाना ।
बरन बरन बर बेलि बिताना ।।
चातक कोकिल कीर चकोरा।
कूजत बिहग नटत कल मोरा ।।
(मानस, बाल., 226.3-.6)

उपरोक्त पंक्तियों का किसी समय गाजियाबाद से हमारे मित्र दिवाकर उपाध्याय ने बड़ा सुंदर विवेचन किया था । उनका आशय था कि जब श्री राम अनुज लक्ष्मण और गुरु विश्वामित्र के साथ मिथिला पहुंचे हैं, प्रकृति अपनी समस्त शक्तियों के साथ उनकी सेवा में प्रस्तुत है । उस संभावित विवाह को देखने ब्रह्मा जी, शिव जी, तमाम देवी-देवता वेष बदलकर वहां पर उपस्थित हैं, पर साथ में समस्त ऋतुएं भी एक साथ मिथिलांचल में अपनी उपस्थिति बनाए हुए हैं कि प्रभु श्री राम और उनके अयोध्यावासी जनों/बारातियों को पता नहीं कब किस चीज की लालसा हो उठे और वह चीज अप्रस्तुत रहे । किसी की भी कामना इस समय मिथिला में अधूरी न रह जाए यह एक अद्भुत दृश्यावली तुलसीदास जी अपनी चौपाइयों द्वारा करते हैं ।
वह भी पक्षियों के उपमान लेकर ; अगहन में बसंत ऋतु लुभा रही है और चातक, कोयल, तोते, चकोर और नृत्य करते मयूर सब एकसाथ। (ध्यातव्य सभी अलग-अलग ऋतुओं के पक्षी हैं ।)
ऐसे अद्भुत विवाह की स्मृति में हम यह मानस अनुशीलन आयोजित करते हैं । हम वैसा कुछ भी प्रस्तुत करने में, उपस्थित करने में सक्षम कभी हो ही नहीं सकते । पर कम से कम इस आयोजन स्थल में पहुंच अपने प्रभु श्रीसीताराम की स्मृति को अपने मन में अंकित जरूर कर सकते हैं, उनका ध्यान कर सकते हैं, उन्हें अपने मन में बसा सकते हैं। इसी के साथ उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों को रविवार 17 दिसंबर 2023 को वीएसएसडी कॉलेज सभागार ( प्रार्थना स्थल ) में होने वाले कार्यक्रम में आमंत्रित किया है. प्राचार्य प्रो बिपिन चन्द्र कौशिक, प्रो राकेश शुक्ल, प्रो दीप्ति रंजन बिसारिया आदि ने कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाई है.