Lucknow: लिव इन प्रेमी ने ली प्रेमिका की परीक्षा, प्राइवेट पार्ट पर ब्लेड से लिखवाया अपना नाम, वीडियो बनाकर भेज दिया युवती के पिता को
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है। शहर के एक ग्रामीण इलाके में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात नर्स के साइको प्रेमी आवेंद्र सोनवानी ने शादी से पहले प्रेमिका की क्रूरता भरी परीक्षा ली और फिर उसका वीडियो भी बना कर वायरल कर दिया।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक आवेंद्र ने नर्स को वीडियो कॉल की और प्रेम का वास्ता देते हुए उसके प्राइवेट पार्ट पर ब्लेड से अपना नाम लिखवाया और इसकी वीडियो भी बना लिया। इसके बाद नर्स के पिता को भेज दिया। नर्स के पिता ने आवेंद्र के खिलाफ माल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है।
इस मामले में इंस्पेक्टर माल प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित आवेंद्र सोनवानी माल के गहदों भवानीपुर का रहने वाला है। कुछ माह पहले युवती नर्स की ट्रेनिंग कर रही थी। इस बीच उसने युवती का नंबर कहीं से ले लिया। उसे कॉल करने लगा। दोनों में दोस्ती हो गई। दोनों कुछ समय तक पीजीआइ इलाके में लिव इन रिलेशन में भी रहे। साथ रहने के दौरान आरोपित आवेंद्र ने युवती के कुछ प्राइवेट वीडियो भी बना लिए। इसके बाद युवती एक सीएचसी में नर्स हो गई। तो फिर वह अपने घरवालों के साथ रहने लगी, लेकिन दोनों मिलते-जुलते रहे। युवती ने शादी का दबाव बनाया तो वह कतराने लगा। आरोप है कि बीते दिनों आवेंद्र ने युवती को वीडियो कॉल की और शादी के लिए प्रेम परीक्षा पास करने के लिए कहा।
उसने शर्त रखी कि वह अपने प्राइवेट पार्ट में ब्लेड से उसका नाम लिखे। इसके बाद वह शादी करेगा। युवती ने ब्लेड से प्राइवेट पार्ट पर नाम लिखा, जिसका वीडियो आवेंद्र ने बना लिया। घटना से युवती की हालत भी बिगड़ गई। उसका कुछ दिन तक इलाज भी चला। तो दूसरी ओर आवेंद्र ने वीडियो युवती के पिता को भेज दिया। वीडियो देखकर पिता दंग रह गए। इतना ही नहीं आवेंद्र ने वीडियो वायरल भी किया। पिता का आरोप है कि जब उन्होंने विरोध किया तो आवेंद्र ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। नर्स के पिता ने तहरीर दी। तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित आवेंद्र की तलाश में दबिश दी जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सर्विलांस समेत तीन टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (फोटो-सोशल मीडिया)