Lucknow: रहस्यमयी ढंग से लापता हुई युवती ने मां को फोन कर बताई अपहरण की बात, मांगी 10 लाख की फिरौती, पुलिस ने सहेली के घर से किया बरामद, अब पूछताछ में जुटी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कल रहस्यमयी तरीके से लापता हुई युवती गुरुवार को सहेली के घर पर सही सलामत पुलिस को मिल गई है। उसने बुधवार को मां को फोन कर कहा था कि, “मां बचा लो कुछ लोगों मेरा अपहरण कर लिया है। यह 10 लाख रुपये मांग रहें हैं। मांग पूरी न हुई तो हत्या कर देंगे।”
मीडिया सूत्रों के मुताबिक बुधवार दोपहर सरोजनीनगर से रहस्यमय हालात में लापता हुई एक युवती ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी मां को फोन कर अपने अपहरण और हत्या की जानकारी दी थी। इस पर मां ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इसी के बाद मध्यक्षेत्र की सर्विलांस सेल टीम, सरोजनीनगर थाने की पुलिस को लगाया गया। पुलिस टीम ने तीन घंटे बाद युवती को आशियाना में रहने वाली उसकी सहेली के घर से बरामद कर लिया। इसी के साथ पुलिस पूरी घटना की छानबीन और युवती से पूछताछ कर रही है कि आखिर उसने मां को फोन कर ऐसा क्यों कहा था।
देखें क्या बताया इंस्पेक्टर ने
इंस्पेक्टर सरोजनीनगर संतोष कुमार आर्य ने बताया कि युवती एक डाक्टर के क्लीनिक पर रिशेप्सनिस्ट है। वह रहस्यमय हालात में लापता हुआ थी। परिवारजन ने उसकी काफी खोजबीन की। इस बीच गुरुवार को युवती ने मां के नंबर पर फोन कर अपहरण की सूचना दी थी। परिवारजन ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। करीब तीन घंटे बाद युवती को आशियाना में उसकी एक सहेली के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे थाने लेकर पहुंचे। डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि युवती की काउंसिलिंग करने के साथ ही उससे पूरी घटना की पूछताछ की जा रही है। उसने अपने नंबर से ही घरवालों को फोन कर रुपयों की मांग की थी। मामले की जांच की जा रही है।
भाई से फोन पर पेटीएम कराए थे 18 हजार रुपये
गुरुवार को मां को फोन करने से पहले युवती ने बुधवार को लापता होने से पहले अपने भाई को फोन किया था और भाई से कुछ खास जरूरत की बात कहते हुए बुधवार को पेटीएम पर 18 हजार रुपये खाते में मंगाए थे। इस पर भाई ने रुपये भेज दिए थे। इसके बाद युवती का मोबाइल स्विच आफ हो गया। मोबाइल स्विच आफ होने पर घर वाले परेशान हो गए और खोजबीन करने लगे और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी थी।
सहेली के वाईफाई से मोबाइल कनेक्ट कर की थी वाट्सएप काल
पुलिस के मुताबिक युवती ने पहले अपने मोबाइल की मैनुअल कॉल बंद कर दी थी। इसके बाद मोबाइल को सहेली के वाईफाई से कनेक्ट किया। इसके बाद वाट्सएप प्रोफाइल में लगी डीपी हटा दी। फिर मां को वाट्सएप काल कर अपहरण की सूचना देकर 10 लाख की फिरौती मांगी थी।