Lucknow: छह लाख रुपये की सरकारी मदद का झांसा देकर टप्पेबाज ने वृद्धा के उड़ाए जेवर और नगदी, बताया था LIC से आया हूं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिन-दहाड़े वृद्धा को ठग ले गए टप्पेबाज। टप्पेबाजों ने बड़ी ही चालाकी के साथ पहले वृद्धा को भरोसा दिलाया कि सरकार बुजुर्गों को छह लाख की आर्थिक मदद दे रही है। इसी के तहत उसका भी चेक एलआइसी दफ्तर में आया है। यही झांसा देककर टप्पेबाज ने प्रेमनगर आलमबाग में रहने वाली वृद्धा कृपाल कौर से जेवर और 1100 रुपये नकदी झटक ली। पीड़िता की तहरीर पर आलमबाग पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंस्पेक्टर के मुताबिक कृपाल कौर ने बताया कि वह अपनी सहेली नीलम के साथ चंदर नगर मार्केट गई थीं। इस बीच रास्ते में मास्क लगाए एक युवक मिला और उसने नमस्ते किया और फिर बोला कि वह उनके परिचित सुरेश चंद्र का बेटा पंकज है। इसके बाद उसने कहा कि माता जी मैं एलआइसी दफ्तर में हूं। सरकारी योजना के तहत वृद्धों को सरकार छह लाख रुपये दे रही है। आपका भी चेक आया है। आपके घर गया था तो आपके बेटे कमल ने बताया कि माता जी मार्केट गई हैं। आप मिल गई अच्छा हुआ। कृपाल कौर ने पंकज से मास्क हटाने के लिए कहा। पंकज ने मास्क हटाते ही कहा कि मैं काफी दिनों से मुंबई में था हो सकता आप न पहचान पाएं। कृपाल कौर पंकज के झांसे में आ गईं और उसके कहने पर एलआइसी दफ्तर की ओर चल दीं।
कृपाल कौर ने पुलिस को बताया कि रास्ते में पंकज ने कहा कि एलआइसी दफ्तर में इतने जेवर आप पहनकर जाएंगी तो आपको योजना का लाभ नहीं मिलेगा। यह कहकर पंकज ने सोने की अंगूठी, बाली के साथ ही 1100 रुपये ले लिए। सारा सामान एक झोले में रखा। एलआइसी दफ्तर पहुंचकर कहा कि यहां आप बैठिए मैं फार्म लेकर आता हूं। इसके बाद खुद को पंकज बताने वाला टप्पेबाज कहां चला गया, किसी को कुछ पता नहीं। काफी देर तक न लौटने पर कृपाल कौर ने आस पड़ोस के लोगों से पूछा तो उसका कुछ पता न चला। घर पहुंचकर बेटे को जानकारी दी और फिर मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर आलमबाग ने बताया कि टप्पेबाज की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।