Lucknow News: झूलेलाल वाटिका में लगेगी भगवान झूलेलाल जी की प्रतिमा, बनेगा स्वागत द्वार, सिंधी समाज ने की सार्वजनिक अवकाश की मांग
लखनऊ। गुरुवार को गोमती तट पर स्थित झूलेलाल वाटिका में भगवान झूलेलाल जी की प्रतिमा और भव्य स्वागत द्वार का शिलान्यास फ़क़ीर साई हरीश लाल के पुत्र संत शिरोमणी साई (शिव शांति संत आसूदाराम आश्रम) की मौजूदगी में लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिंधी समाज उपस्थित रहा।
इस अवसर पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि भगवान झूलेलाल जी के नाम से जाने वाली इस वाटिका में भगवान झूलेलाल जी की प्रतिमा स्थापना और भव्य द्वार निर्माण कार्य कराने का सौभाग्य दिया, इसके लिए मैं भगवान झूलेलाल जी और सम्पूर्ण सिंधी समाज का आभार प्रकट करती हूँ। सिंधी समाज मेरा परिवार है। सिंधी समाज की जो भी आवश्यकताए और मांग है उसे पूरा करने के लिए हमारी सरकार तत्पर है। महापौर ने आगे कहा कि भगवान झूलेलाल जी की प्रतिमा और द्वार से आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा प्राप्त होती रहेगी।

इस मौके पर चेट्टी चंद मेला कमेटी के प्रवक्ता अशोक मोतियानी और कमेटी के अध्यक्ष अशोक चंदवानी व महामंत्री रतन मेघानी सहित कोषाध्यक्ष सतेन्द्र भवनानी ने संयुक्त रुप से कहा की सिंधी समाज की लंबे समय से मांग थी जिसे आज महापौर संयुक्ता भाटिया द्वार पूरा किये जाने पर लखनऊ सहित पूरे प्रदेश के सिंधी समुदाय में खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश सरकार और महापौर संयुक्ता भाटिया के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस मौके पर कमेटी ने महापौर संयुक्ता भाटिया को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी दिया, जिसमें भगवान झूलेलाल जी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की मांग की। इस पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने सिंधी समाज की मांग पर मुख्यमंत्री के समक्ष वार्ता कर इसे पूरा कराने के लिए आश्वस्त किया। शिलान्यास के इस खास मौके पर चेटी चंड मेला कमेटी के प्रवक्ता अशोक मोतियानी सहित बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग मौजूद रहे।