Lucknow: पर्यटन स्थल बनेगी बाबा नीम करौली जी की तपोस्थली, जानें महाराज ने कितने हनुमान मंदिरों का कराया था निर्माण, देखें बाबा ने राजधानी में क्या किए थे चमत्कार

November 30, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। बुधवार को भगवान हनुमान जी के अवतार बाबा श्री नीम करौली जी की तपोस्थली पर उनके जन्मोत्सव/प्रकाशोत्सव के शुभ अवसर पर लखनऊ के प्राचीन संकट मोचन हनुमान मंदिर एवं बाबा नीम करौली आश्रम के जीणोद्धार एवं सौंदर्यकरण कार्य का लोकार्पण महापौर संयुक्ता भाटिया ने किया और फिर इसे जनता को समर्पित कर दिया।

उक्त प्राचीन हनुमान सेतु मंदिर में महापौर संयुक्ता भाटिया की ओर से मंदिर परिसर के पुजारी आशीष कुमार पाण्डेय के अनुरोध पर रिटेनिंग वॉल, कोटा स्टोन, शौचालय- स्नानघर, परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य आदि करा प्रांगण का जीणोद्धार एवं सौंदर्यकरण कार्य कराया गया है। इस मौके पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि लखनऊ का यह ऐतिहासिक मंदिर है, इसमें आगे और भी सौंदर्यकरण करा लखनऊ के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। महापौर ने आगे कहा कि परम् पूज्य बाबा नीम करौली जी हिंदू आध्यात्मिक गुरु के रूप में पूजे जाने वाले बाबा हनुमान जी के बहुत बड़े भक्त थे। उनको मानने वाले उन्हें हनुमान जी का ही अवतार मानते थे। वह हनुमान जी को अपना आराध्य मानते थे। बाबा जी ने अपने जीवन में करीब 108 हनुमान मंदिर बनवाए।

70 के दशक में बाबा ने राजधानी को बचाया था बाढ़ से
प्राचीन हनुमान सेतु मंदिर के पुजारी पण्डित आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि मान्यता है कि बाबा नीम करौली ने 70 के दशक में राजधानी को बाढ़ की त्रासदी से बचाया था। यहाँ कि गोमती नदी के उफान को मंदिर निर्माण ने बचा लिया था और बाबा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बाढ़ के सैलाब को शांत किया था।

हनुमान सेतु पुल का निर्माण बाबा के योगदान से ही हुआ था संभव
पुजारी ने मीडिया को बताया कि नदी पर पुल निर्माण के लिए भी बाबा का योगदान रहा है। पुल बनता और बार-बार गिर जाता था, तो लोगो ने कलकत्ता के बिल्डर को बताया कि नीचे हनुमान मंदिर में एक अलौकिक बाबा है, उनके पास जाओ तो समस्या का समाधान हो जाएगा। इस पर बाबा ने अधिकारियों से सामने हनुमान मंदिर निर्माण कराने को कहा और बोले “जा सामने हनुमान जी का मन्दिर निर्माण करवा और इसी के साथ बोले कि पुल का निर्माण प्रारंभ कर।” बाबा नीम करौरी जी के आशीर्वाद से कोलकाता के उस बिल्डर ने पुल के साथ मंदिर का निर्माण कराया। 26 जनवरी 1967 को मंदिर बनकर तैयार होने के साथ दर्शन शुरू हो गए और पुल भी बन गया।

छात्रों का है ग्रेजुएट हनुमान मंदिर
बता दें कि इस भव्य मंदिर में आज समस्त लखनऊ वासी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। हम सभी उस मंदिर को हनुमान सेतु मंदिर के नाम से जानते हैं और विद्यार्थी उस मंदिर को ग्रेजुएट हनुमान मंदिर बोलते हैं। परंतु बाबा जी की मुख्य तपोस्थली और प्राचीन संकट मोचन हनुमान मंदिर पुल के नीचे आज भी विद्यमान हैं। जिसका जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कर आज महापौर संयुक्ता भाटिया ने बाबा जी के जन्मोत्सव पर लोकार्पण कर उनको नमन किया। पूज्य बाबा नीम करौली जी की भव्य मूर्ति भी आश्रम में स्थपित है जहां वह स्वयं ध्यान लगाते थे।