Lucknow News: राजधानी में शुरू हुआ “व्यापारी मंगल दिवस”, व्यापारियों ने आसानी से जमा कराया टैक्स और दूर हुई समस्याएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को महापौर संयुक्ता भाटिया ने व्यापारियों की सुविधा के लिए “व्यापारी मंगल दिवस” का शुभारम्भ किया। अपराह्न 12 बजे से लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में महापौर की अध्यक्षता और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह की उपस्थिति में व्यापारी मंगल दिवस आयोजित किया गया।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अभय पांडे, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र सिंह, यमुनाधार चौहान, मुख्य कर अधिकारी अशोक सिंह, GM जलकल राम कैलाश सहित समस्त जोनल अधिकारियों व संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में प्रथम “व्यापारी मंगल दिवस” आहूत हुआ, जिसमें लखनऊ व्यापार मण्डल के वरिष्ठ महामंत्री अमरनाथ मिश्रा और आदर्श व्यापार मण्डल के अध्यक्ष संजय गुप्ता संग आए व्यापारियों की तमाम समस्याओं का निस्तारण त्वरित सम्भव हो सका। इसी के साथ व्यापारियों की अन्य समस्याएं भी सुनी गईं और उनका समाधान किया गया। बता दें कि व्यापारी मंगल दिवस प्रत्येक माह के द्वितीय शनिवार को आयोजित किया जाएगा।