Lucknow Police: अगर दोस्त न होता IPS तो, IAS की तैयारी में जुटे ब्रिलिएंट स्टुडेंट को पुलिस बना देती स्मैक तस्कर, दो सिपाही सस्पेंड, देखें क्या है पूरा मामला

July 19, 2023 by No Comments

Share News

Lucknow Police: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां लखनऊ पुलिस का बर्बर चेहरा देखने को मिला है. IAS की तैयारी कर रहे विनीत सिंह को पुलिस ने जरा सी बात पर पीट-पीट कर बुरा हाल कर दिया और ऊपर से उस पर स्मैक की तस्करी का आरोप लगाकर पूरा करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी, लेकिन समय रहते ही विनीत को अपने IPS दोस्त की याद आई और फोन मिलाकर पूरी बात बता दी जिसके बात दोस्त ने तत्काल उच्चाधिकारियों से बात की, तब जाकर कहीं विनीत की जान बच सकी. फिलहाल इस मामले में दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है.

जानें क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक छात्र विनीत सिंह इंदिरानगर सी ब्लाक में रहते हैं। वह दिल्ली में रहते हुए आइएएस की तैयारी कर रहे हैं। सोमवार देर रात दिल्ली के लिए बस पकड़ने बाराबिरवा चौराहा गए थे। वहां उन्होंने देखा कि पुलिसवाले ओला चालक को बुरी तरह से पीट रहे हैं। इस पर विनीत ने विरोध किया तो पुलिसवाले विनीत पर ही टूट पड़े और फिर उनको चौराहे पर ही पीटने लगे. यही नहीं विनीत को ई-रिक्शे पर लादकर रेल पटरियों के किनारे ले जाकर वहां लाठियां बरसाईं और उसका मोबाइल तोड़ दिया। गांजा और स्मैक की पुड़िया की बरामदगी दिखाकर उसे जेल भेजने की पुलिसवाले धमकी देने लगे और फिर थाने ले आए. इसी बीच मौका पाकर विनीत ने मध्य प्रदेश में प्रशिक्षु आइपीएस मित्र से बात कर पूरी घटना बताई। आइपीएस ने तुरंत एसीपी काकोरी अनूप कुमार सिंह को फोन किया। तब कहीं जाकर विनीत की जान छूटी।

इंस्पेक्टर ने कहा किराया मत लेना
मानक नगर थाने के इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सरोज के कहने पर सिपाही अनमोल और उसके दो साथियों ने विनीत से फौरन माफी मांगी। उन्होंने चाय भी आफर की, लेकिन विनीत ने मना कर दिया। विनीत ने मीडिया को बताया कि इंस्पेक्टर ने सिपाहियों से कहा कि साहब को दिल्ली जाने वाली एसी बस में बैठा दो। उनसे किराया मत लेना। सिपाहियों ने विनीत को दिल्ली की बस में बैठा दिया। विनीत के मुताबिक, कुछ दूर जाकर वह बस से उतर गए। पिटाई से शरीर टूट रहा था। अपनी बहन को फोन करके बुलाया और अस्पताल पहुंचे। तबीयत ठीक होने पर विनीत मंगलवार रात एसीपी काकोरी अनूप कुमार सिंह के दफ्तर गए। वहां पुलिस कर्मियों के खिलाफ प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की और पूरी घटना बताई. विनीत ने बताया कि अगर आइपीएस दोस्त ने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो पुलिस उनका पूरा करियर बर्बाद कर चुकी होती. बता दें कि पुलिस बर्बरता की यह घटना बाराबिरवा चौराहे की है।

घटना की मत करना शिकायत
पीड़ित विनीत ने मीडिया को बताया कि, थाने में इंस्पेक्टर ने मुझसे कहा कि इस घटना की कहीं शिकायत मत करना। शिकायत करोगे तो सिपाही भी तुम्हारे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। पढ़ाई कर रहे हो, पढ़ाई करो। मुकदमा दर्ज होगा तो थाने और कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ेंगे। पढ़ाई बाधित होगी। बता दें कि विनीत पढ़ाई में बहुत ही बिलिएंट स्टुडेंट हैं और वह दिल्ली में रहकर IAS की तैयारी कर रहे हैं.

दोनों सिपाही हुए सस्पेंड
विनीत सिंह की पिटाई के मामले में दोनों सिपाहियों– अनमोल मिश्रा और गजेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच एसीपी काकोरी को सौंपी गई है. जांच के बाद होगी आगे की कार्यवाई होगी.