मासूम युवकों को सिखाता था जिहाद का ककहरा…सरकार ने इस संगठन को घोषित कर दिया आतंकवादी संगठन
Modi Government: केंद्र सरकार लगातार युवाओं को बरगला कर आतंक की आग में झोकने वाले संगठनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस्लामिक कट्टरपंथी संगठन हिज्ब-उत-तहरीर को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया। आरोप है कि यह संगठन भोले-भाले युवाओं व नौजवानों को जिहाद का ककहरा सीखाकर अपने संगठन में शामिल करता था और ट्रेनिंग देने के बाद उनको ISIS में शामिल करा देता था.
ये संगठन लगातार मासूम लोगों को अपने जाल में फंसा रहा था और उनका ब्रेन वॉश करके उन्हें आतंक की राह पर चलने के लिए उकसाता रहता था. कई आतंकी गतिविधियों में भी इसका हाथ रह चुका है और यह संगठन कई देशों में इस्लामिक राज्य स्थापित करना चाहता था। उसकी गतिविधियों को देखकर मंत्रालय ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया है।
कई आतंकी गतिविधियों में रहा इस संगठन का हाथ
इसको लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आज एक अधिसूचना जारी की है, जिसमें कहा है कि हिज्ब-उत-तहरीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर नौजवानों को अपने संगठन में शामिल कराता था। इसके बाद उन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए बाकायदा प्रशिक्षिण तक भी देता था, ताकि दुनियाभर में अशांति फैलाई जाए। बीते दिनों भारत में कई आतंकी गतिविधियों में भी इस संगठन का हाथ रह चुका है।
NIA ने भी जारी किया बयान
बता दें कि इस सम्बंध में एनआईए ने भी बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि कुछ लोग इस संगठन की आड़ में देश में अशांति फैलाना चाहते हैं और अपने इन्हीं मंसूबों को धरातल पर उतारने के लिए युवाओं का इस्तेमाल करना चाहते थे, जिसे देखते हुए अब इस संगठन को प्रतिबंधित कर दिया गया है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) पहले ही इसी संगठन से जुड़े एक व्यक्ति जिसका नाम फैजुल रहमान है, उसे तमिलनाडु से गिरफ्तार किया था। वर्तमान में वह एनआईए की हिरासत में है और पिछले सात दिनों से उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.