Gandhi Jayanti-2023: गांधी जयंती पर कहीं दिया गया साफ-सफाई का संदेश और कहीं निकली जागरुकता रैली, श्रद्धांजलि सभा का हुआ आयोजन, देखें तस्वीरें
Gandhi Jayanti-2023: गांधी जयंती के मौके पर प्रदेश के तमाम हिस्सों में साफ-सफाई अभियान चलाया गया और श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन किया गया. प्रधानमंत्री के द्वारा पूरे देश में विभिन्न सार्वजानिक स्थानों पर 01 अक्टूबर 2023 को प्रातः काल में 01 घंटे के श्रमदान का आहवान किया गया है इसी उपलक्ष्य में 11 वीं वाहिनी एन.डी.आर.एफ. (NDRF) की क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र लखनऊ द्वारा सफाई अभियान का आयोजन किया गया.

इसी कड़ी में मनोज कुमार शर्मा उप-महानिरीक्षक के दिशा-निर्देश पर 11वीं वाहिनी एन.डी.आर.एफ की क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र लखनऊ में अनिल कुमार पाल (उप कमांडेंट) के द्वारा गोमती रिवर फ्रंट के लक्ष्मण झुला मैदान में एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया. इस मौके पर राष्टीय आपदा मोचन बल(NDRF) के अलावा राज्य आपदा मोचन बल(SDRF), प्रांतीय रक्षक बल ,कारागार पुलिस ,नगर निगम के कुल 160 कार्मिक शामिल हुए और नागरिकों को स्वच्छता के लिए जागरूक करते हुए बताया कि स्वच्छता का पालन करना हमारा दैनिक कर्तव्य है, स्वच्छता का कार्य केवल सफाई कार्मिकों का ही नहीं है अपितु हर एक नागरिक का है. हमें अपने चारों ओर के इलाके को साफ सुथरा रखना है. प्रत्येक नागरिक यदि अपने चारों तरफ के इलाके को साफ रखेगा तो हम स्वस्थ भी रहेंगे ओर हमारा स्वच्छ भारत अभियान सफल बनेगा. NDRF बचाव कार्मिको द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए यह साफ सफाई अभियान आगे भी जारी रहेगा.

अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
लखनऊ बार एसोसिएषन, लखनऊ मे सुरेश पाण्डेय एडवोकेट अध्यक्ष, लखनऊ बार एसोसिएषन, लखनऊ एवं कुलदीप नारायण मिश्र एडवोकेट महामंत्री, लखनऊ बार एसोसिएषन, लखनऊ के संचालन व लखनऊ बार एसोसिएषन, लखनऊ के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों व समस्त अधिवक्ताओं की उपस्थिति में महात्मा गाँधी की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया.
छात्राओं ने निकाली जागरुकता रैली
जब भारत स्वच्छ होगा, तभी स्वस्थ होगा और स्वच्छता एक सेवा है इस उद्देश्य के साथ बालिका विद्यालय में दिनांक 1 अक्टूबर को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज मोती नगर, लखनऊ की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र, समस्त शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई और आस पड़ोस के लोगों को स्वच्छता के महत्त्व को बताते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इसके पश्चात अपने घर और आस पड़ोस के लोगों को स्वच्छता के लिए प्रोत्साहित करने की शपथ ली गई एवं विद्यालय को स्वच्छ बनाने हेतु सभी शिक्षिकाओं, छात्रों एवं कर्मचारियों के द्वारा श्रमदान किया गया।

चूंकि किसी भी कार्य की शुरुआत घर और कार्यस्थल से ही होती है और यदि हमारा घर और कार्यस्थल साफ सुथरे होंगे, तभी हम अपने समाज और देश को स्वच्छ और स्वस्थ रखने का कार्य कर पाएंगे। इस विचार को पूरे विद्यालय परिवार ने साकार किया। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने स्वच्छता के महत्त्व को बताते हुए अत्यंत आकर्षक व संप्रेषणीय पोस्टर और स्लोगन तैयार किये। दिनांक 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जन्म दिवस को विद्यालय में पूर्ण मनोभाव से मनाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र के साथ सभी ने महात्मा गांधी और पंडित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित किए।
डॉ लीना मिश्र ने छात्राओं को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों, उनके कार्यों एवं आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। उसके पश्चात छात्राओं ने वैष्णव जन तो तेने कहिए, रघुपति राघव राजा राम ,आज है 2 अक्टूबर का दिन, इंसाफ की डगर पर बच्चों दिखाओ चल के और अन्य बहुत सारे देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए तथा छात्राओं ने महात्मा गांधी, कस्तूरबा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, रानी लक्ष्मीबाई की वेशभूषा धारण करके उनके विचारों को छात्राओं के सामने प्रभावी प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने ओजपूर्ण कविताओं को भी बहुत ही खूबसूरती से प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम का आयोजन माधवी सिंह, रागिनी यादव एवं प्रतिभा रानी के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की समाप्ति पर छात्राओं को मिष्ठान्न वितरित किया गया।

AKTU में मनाई गई गांधी और शास्त्री जयंती
डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती मनाई गई। दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर दोनों के व्यक्तित्व पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इस दौरान कुलपति प्रोफेसर जेपी पांडे ने कहा कि दोनों का पूरा जीवन देश और समाज के लिए अर्पित रहा। हमें इन दोनों महापुरुषों से प्रेरणा लेते हुए अपने दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी और क्षमता के साथ करना चाहिए। वही कुल सचिव रीना सिंह ने कहा कि हमें गांधीजी और शास्त्री जी के जीवन को अपना आदर्श बनना चाहिए। कहा की हमें सबसे पहले खुद में सुधार करना चाहिए। एक टीम भावना के साथ सभी को लेकर चलने की कोशिश करनी होगी। गोष्ठी का संचालन डॉक्टर अनुज कुमार शर्मा ने किया। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वही परिसर स्थित फार्मेसी विभाग में भी जयंती मनाई गई। जिसमें छात्रों ने दोनों महापुरुषों पर आधारित चित्र बनाए।