Chandraghanta Maa: नकारात्मक शक्तियां होंगी दूर, मां चंद्रघंटा की करें ऐसे पूजा…पढ़ें मंत्र व आरती; कन्याओं को दें ये सब

October 16, 2023 by No Comments

Share News

Chandraghanta Maa: चाहे शारदीय हो या चैत्र नवरात्र (navratri) की तृतीया, इस अवसर पर माँ शक्ति के तीसरे शक्ति विग्रह चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना करने का विधान शास्त्रों में बताया गया है। मान्यता है कि मां भगवती के इस रूप की आराधना करने से नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है। आचार्य सुशील कृष्ण शास्त्री बताते हैं कि शास्त्रों की मानें तो माँ के इस स्वरूप का रंग सोने के समान चमकीला और तेजस्वी है। उनके मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र स्थित है। इसी वजह से उनका नाम चंद्रघंटा पड़ा।

माता के श्रद्धालुओं को मालूम हो कि माँ के इस अद्भुत स्वरुप के दस हाथ हैं, जिसमें से एक हाथ में उनके कमल का फूल, दूसरे हाथ में कमंडल, तीसरे में त्रिशूल, चौथे में गदा, पांचवें में तलवार, छठे में धनुष, सातवें हाथ में बाण है। वहीं मां के आठवां हाथ ह्रदय पर और नौवां हाथ आशीर्वाद मुद्रा में है तो उनका दसवां हाथ सदैव अभय मुद्रा में रहता है।

मां का वाहन है बाघ

भगवती माता के इस स्वरूप के गले में सफेद फूलों की माला सुशोभित होती है। उनका वाहन बाघ है। देवधरियों मे माँ के इस रूप का स्थान मणिपुर चक्र माना गया है। साधक ज़ब भी माँ का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं तो वह मणिपुर चक्र में अपना ध्यान लगाते हैं। माता की कृपा से श्रद्धालुओं को अलौकिक वस्तुओं के दर्शन तो होते ही हैं, साथ ही दिव्य सुगंधियों का अहसास भी होता है। दिव्य ध्वनियां भी सुनाई पड़ती हैं। माँ का यह स्वरूप दानव, दैत्य और राक्षसों को डराने वाला है।

सौम्य स्वरूप है मां का

मान्यता है कि, माँ की प्रचंड ध्वनि दानवों को हारने के लिए मजबूर कर देती है। ऐसा माना जाता है कि जहां तक माँ के घंटे की ध्वनि जाती है वहाँ तक बुरी शक्तियों का नाश हो जाता है और तमाम नकारात्मक शक्तियां समाज से भागने के लिए मजबूर हो जाती हैं। वहीं भक्तों के लिए मां का यह स्वरूप सौम्य, शांत और सुख पहुंचाने वाला माना गया है। इसीलिए भक्तों को चाहिए कि पूरे मन से माँ चंद्रघंटा की पूजा करें ताकि किसी तरह की नकारात्मक शक्ति का वास उनके आस-पास न हो सके। मां की पूजा प्रत्येक बुधवार को करने से जीवन में कष्ट आने की सम्भावना कम रहती है।

मंत्र

पिण्डजप्रवरारूढ़ा चण्डकोपास्त्रकैर्युता
प्रसादं तनुते मध्यं
चण्डघण्टेति विश्रुता

कन्याओं को ये सामग्री करें दान

मान्यता है कि मां चंद्रघंटा की पूजा करने से घर के साथ ही मन में भी शांति बनी रहती है। इसी के साथ परिवार का कल्याण भी होता है। इस दिन मां को दूध या दूध से बनी चीजें अर्पित करें। इससे मां की विशेष कृपा प्राप्त होती है और दुख, संकट दूर होगा। मां को सफेद फूलों के साथ-साथ लाल फूल भी प्रिय है, इसलिए हो सके तो लाल फूल अर्पित करें। साथ ही गुड़ और लाल सेब का भोग लगाएं। चंद्रघंटा मां की आरती के समय घंटा बजाने का भी विधान है। माँ को प्रसन्न करने के लिए कन्याओं को आईना, रोली और खिलौना आदि भेंट करें। अगर तीसरे दिन ये सामग्री कन्याओं को नहीं भेंट कर सकते तो जब भी कन्या खिलाएं तब यह सामग्री भेंट कर सकते हैं।

आरती

जय मां चंद्रघंटा सुखधाम।
पूर्ण कीजो मेरे काम ।।
समाज तू शीतल दाती ।
चंद्र तेज किरणों में समाती।।

क्रोध को शांत बनाने वाली ।
मीठे बोल सिखाने वाली ।।
मन की मालक मन भाती हो ।
चंद्रघंटा तुम वरदाती हो ।।

सुंदर भाव को लाने वाली।
हर संकट से बचाने वाली।।
हर बुधवार जो तुझे ध्याये ।
श्रद्धा सहित जो विनय सुनाये।।

मूर्ति चंद्र आकार बनाए ।
सन्मुख घी की जोत जलाये।।
शीश झुका कहें मन की बाता ।
पूर्ण आस करो जगतदाता ।।

कांचीपुर स्थान तुम्हारा ।
कर्नाटका में मान तुम्हारा ।।
नाम तेरा रटूं महारानी ।
भक्तों की रक्षा करो भवानी।।

DISCLAIMER:यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। किसी भी धार्मिक कार्य को करते वक्त मन को एकाग्र अवश्य रखें। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)

ये भी पढ़ें-Navratri Special: नवरात्र के दिनों में भूलकर भी न करें ये काम, जानें क्या होता है नुकसान?