उनकी समाज की बहन…कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर भाजपा मंत्री ने दिया विवादित बयान; चौतरफा घिरने पर दी सफाई; कांग्रेस ने की ये मांग-Video

Share News

Operation Sindoor: आज भला भारतीय नेवी की कर्नल सोफिया कुरैशी को कौन नहीं जानता. ऑपरेशन सिंदूर में आतंकियों के ठिकानों को नष्ट कराने में उनकी अहम भूमिका रही है. पूरा देश उन पर गर्व कर रहा है. इसी बीच मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में मंत्री कुंवर विजय शाह ने उनको लेकर विवादित बयान दिया है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. तो वहीं भाजपा मंत्री के इस विवादित बयान पर कांग्रेस ने कार्यवाही करने की मांग की है.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी का नाम लिए बिना आपत्तिजनक बयान देते हुए कहा कि ‘जिन लोगों ने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े थे, पीएम नरेंद्र मोदी ने उन कटे-पिटे लोगों को उनकी एक बहन को भेजकर ऐसी-तैसी करवा दी.’

विजय शाह यहीं नहीं रुके, उन्होंने ये भी कहा कि “पाकिस्तानियों ने हमारे देश के लोगों के कपड़े उतारे, लेकिन हमने उनकी समाज की बहन (कर्नल सोफिया कुरैशी) को भेजकर उनकी ऐसी-तैसी करवा दी. मंत्री बोले की आतंकियों ने कहा था मोदी को बताना कि उन्होंने हमारे हिंदुओं को मारा और उनके कपड़े उतारे. इसलिए पीएम मोदी ने उनकी बहन को हमारी सेना के जहाज में भेजा, ताकि वह उन्हें सबक सिखा सके.

मंत्री ने कहा, “पीएम मोदी समाज के लिए जी रहे हैं. समाज के लिए जान लगा रहे हैं और जिन्होंने हमारी बहनों के सिंदूर उजाड़े थे, उन कटे-पिटे लोगों को हमने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करवाई. उन्होंने कपड़े उतार-उतार कर हमारे हिंदुओं को मारा और पीएम मोदी ने उनकी बहन को जहाज में उनके घर भेजा और ऐसी-तैसी करवा दी.

इस विवादित बयान के बाद विजय शाह की चौतरफा फजीहत हो रही है. कांग्रेस ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजय शाह के बयान की आलोचना करते हुए भाजपा से कार्रवाई की मांग की है.

तो वहीं खुद को हर तरफ से घिरते देखने के बाद मंत्री ने न्यूज एजेंसी एएनआई सफाई दी और कहा कि मेरे भाषण को किसी दूसरे संदर्भ में कई लोग देख रहे हैं. मेरे भाषण को गलत संदर्भ में न देखा जाए. मैं लोगों को बताना चाहता हूं कि मेरा भाषण उस संदर्भ में नहीं है। वे हमारी बहनें हैं और उन्होंने सशस्त्र बलों के साथ मिलकर बड़ी ताकत से बदला लिया है.

ये भी पढ़ें-आम नागरिकों को निशाना बना रहा है पाकिस्तान, हमले में एक सरकारी अधिकारी की मौत…फेक न्यूज से बचें; विदेश सचिव और सेना ने दी बड़ी जानकारी-Video