Lucknow: ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कही ये बात
Operation Sindoor: शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने एक बयान जारी करते हुए पहलगाम हमले के बदले में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के आतंकियों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल आतंकवाद के खिलाफ सख्त संदेश देता है, बल्कि पीड़ित महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता भी दर्शाता है।
उन्होंने ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिए जाने की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि आतंकवादियों ने पहलगाम में महिलाओं के सिंदूर को उजाड़ा था। इस कार्रवाई ने न केवल आतंकवादियों को सबक सिखाया, बल्कि उन बहनों को भी न्याय दिलाया जिनके सिंदूर उजाड़े गए थे।
मौलाना सैफ अब्बास ने अपने बयान में कहा कि “जिन बहनों का सिंदूर उजड़ा था, उन्हीं बहनों ने आकर यह खुशखबरी सुनाई कि सिंदूर उजाड़ने वालों को हमारी फौज ने नेस्तानाबूत कर दिया है. आतंकवादी कैंप को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
मौलाना सैफ अब्बास ने भारतीय सेना की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय फौज एक माहिर और साहसी फौज है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी प्रकार आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आतंकवाद को जड़ों से उखाड़ फेंका जाएगा।