Pitru Paksha: गर्भ में मार दी गईं बेटियों के लिए किया जाएगा महातर्पण, गंगा तट पर महिलाएं देंगी जलांजलि, कोई भी ले सकता है हिस्सा, देखें कब होगा कार्यक्रम का आयोजन

September 15, 2022 by No Comments

Share News

कानपुर। भ्रूण हत्या के रूप में गर्भ में ही मार दी गईं बेटियों के लिए उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में महातर्पण का आयोजन होने जा रहा है। 18 सितम्बर, दिन रविवार को यहां अजन्मी बेटियों के साथ ही देहदानियों, बलिदानियों, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के साथ ही पूर्वजों को भी जलांजलि दी जीएगी। इस कार्यक्रम का आयोजन सरसैया घाट पर सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

पत्रकार वार्ता करते संस्थान के पदाधिकारी

युग दधीचि देहदान संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी अजन्मी बेटियों की मुक्ति एवं मोक्ष के लिए महिलाओं के हाथों कराया जाने वाला तर्पण व पिण्डदान कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्जवलन पू. महापौर जगतवीर सिंहं द्रोण एवं पू. राज्यमंत्री व विधायक नीलिमा कटियार द्वारा होगा। मुख्य यजमान मधुकर महाना व डॉ. आनन्द्र निगम होंगे, मुख्य पूजन अटल बिहारी बाजपेयी के पौत्री-दामाद नन्दिता व सुमित मिश्र करेंगे। पितरों की आरती पं. विजय पाण्डेय एवं विहिप के प्रान्तीय अध्यक्ष राजीव महाना द्वारा होगी। समारोह के विशिष्ट अतिथि पार्षद महेन्द्र पाण्डेय ‘पप्पू’ होंगे

इस सम्बंध में गुरुवार को बिरहाना रोड स्थित एक रेस्टोरेण्ट में पत्रकार वार्ता की गई। संयोजक मनोज सेंगर ने बताया कि इस तर्पण में प्रमुख रूप से अटल जी की पौत्री नन्दिता मिश्रा, विधानसभाध्यक्ष सतीश महाना की बहू भावना महाना, शिक्षाविद डॉ. अलका दीक्षित, प्रो. नीलम त्रिवेदी, डॉ. नीना अवस्थी, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, श्रमिक भारती से सीमा पाण्डेय सहित नगर की चालीस से अधिक प्रतिष्ठित महिलायें भाग ले रहीं हैं। समस्त पूजन गायत्री परिवार की पध्दति से सम्पन्न किया जायेगा। महिलाओं को उनका अधिकार वापस दिलाने की इस मुहिम को वर्ष 2011 से प्रारम्भ किया गया था।

पत्रकार वार्ता में संयोजक मनोज सेंगर के साथ पालीवाल डायग्नोस्टिक निदेशक डॉ. उमेश पालीवाल, पूर्व मुख्य चिकित्साधिकारी रहे डॉ. वीसी रस्तोगी एवं रवि तिवारी उपस्थित रहे।