इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहने से बड़ा हादसा…बड़ी संख्या में पर्यटक बहे; मची चीख पुकार-VIDEO

June 15, 2025 by No Comments

Share News

Pune Bridge Collapsed: महाराष्ट्र के पुणे से बड़ी खबर सामने आ रही है. रविवार को तलेगांव के पास इंदौरी में इंद्रायणी नदी पर बने पुल ढहने से बड़ा हादसा हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 25 से 30 सैलानी नदी में बह गए हैं. तो वहीं अभी तक की मिली जानकारी के मुताबिक, दो शव बरामद किए गए हैं. शेष अन्य लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सोशल मीडिया पर मौके का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि घटनास्थल पर किस तरह से अपनों के लिए चीख-पुकार मची हुई है.

फिलहाल स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और आपदा राहत कर्मी मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर राहत बचाव कार्य में जुटी हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले दो दिनों से मावल इलाके में भारी बारिश हो रही है. इसकी वजह से इंद्रायणी नदी का जलस्तर बढ़ गया है.

इसी बीच पुल के ऊपर खड़े लोग प्रकृति के खूबसूरत नजारे का लुत्फ उठा रहे थे कि तभी पुर भरभरा कर ढह गया. फिलहाल नदी में बहे पर्यटकों को बचाने के लिए राहत-बचाव कार्य जारी है. इस हादसे पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पुल के ढह जाने से हुई त्रासदी की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है. अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 लोगों की जान चली गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना शाम को करीब साढ़े चार बजे के करीब हुई है. इस दौरान करीब 100 से अधिक पर्यटक पुल पर घूम रहे थे और इसी दौरान पुल ढह गया. बताया जा रहा है कि करीब 20 से 25 लोगों को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर लिया लेकिन कुछ लोग अभी भी पुल गिरने के बाद फंसे हुए हैं. तो वहीं रेस्क्यू किए गए लोगों को अस्पताल भेजा गया है.

संभागीय आयुक्त खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं. हादसे में करीब 32 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद से ही सीएम फडणवीस हालात पर नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया गया है.

सीएम ने कहा कि इस घटना के संबंध में मैं संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित तहसीलदार के लगातार संपर्क में हूं. नदी में बहे लोगों की तलाशी के लिए युद्ध स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. मौके पर एनडीआरएफ को तैनात किया गया है.

ये भी पढ़ें-बीमार प्रेमिका को दवा देने पहुंचे प्रेमी को परिजनों ने पकड़ा रंगेहाथ…पिटाई के बाद बजी शहनाई-Video