राघव चड्ढा की बढ़ सकती है मुश्किलें…! अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया उठाने जा रहे हैं ये बड़ा कदम

April 25, 2026 by No Comments

Share News

Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी (AAP) के राघव चड्ढा सहित दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने के बाद दिल्ली से लेकर पंजाब तक की सियासत गरमाई हुई है तो वहीं आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने इस संकट से निपटने के लिए नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है. दरअसल शुक्रवार की देर रात, गुजरात दौरे से लौटने के बाद, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की.

गुजरात नगर निगम चुनावों में पार्टी के लिए प्रचार करने के लिए मनीष सिसोदिया राजकोट गए थे और यहां से लौटते ही सीधे केजरीवाल से मिलने पहुंच गए. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे से अधिक समय तक पार्टी में टूट को लेकर बातचीत हुई और आगे की रणनीति तैयार की गई.

राज्यसभा सभापति को सौपेंगे पत्र

सूत्रों के हवाले से खबर सामने आ रही है कि अब इस मामले में AAP राज्यसभा के सभापति को पत्र भेजने की योजना बना रही है. पार्टी सूत्रों के हवाले से खबर सामने ने बताया कि उच्च सदन के मुख्य सचेतक एनडी गुप्ता, राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के खिलाफ राज्यसभा के सभापति को चिट्ठी सौंपेंगे.

इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पत्र के जरिए राज्यसभा के सभापति से दल-बदल विरोधी कानून के तहत राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के खिलाफ कार्रवाई की मांग होगी. क्योंकि सार्वजनिक रूप से इन तीनों नेताओं ने भाजपा ज्वाइन की है तो वहीं अन्य चार नेताओं को ऐसा करते सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है. इस पर मुख्य सचेतक बीजेपी दफ्तर में पहुंचे तीनों सांसदों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे.

संविधान की 10वीं अनुसूची का दिया जाएगा हवाला

इस पूरे मामले को लेकर AAP के वरिष्ठ नेता संजय सिंह का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि वे राज्यसभा सभापति को पत्र लिखकर संविधान की दसवीं अनुसूची का हवाला देते हुए तीनों सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग उठाएंगे. बता दें कि संविधान की दसवीं अनुसूची में दलबदल के आधार पर अयोग्यता के प्रावधानों का विस्तृत वर्णन दिया गया है.

10 में से 7 सांसदों ने छोड़ दिया है आप का साथ

मालूम हो कि कल यानी शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आप छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली है. राघव चड्ढा ने एक बयान में ये भी कहा था कि ‘आप’ के दो-तिहाई से ज्यादा सांसदों का भाजपा में विलय हो गया है. तो वहीं राघव चड्ढा के नेतृत्व में अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल ने भी आम आदमी पार्टी का साथ छोड़कर भाजपा ज्वाइन करने का निर्णय लिया है लेकिन सार्वजनिक रूप से अभी इनमें से कई ने ये कदम नहीं उठाया है.

बता दें कि आम आदमी पार्टी में आज जो उठापटक देखने को मिल रही है, इसकी दरार पिछले कई हफ्तों पहले तभी पड़ गई थी जब पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता के पद से हटा दिया था और फिर राघव चड्ढा के खिलाफ कई नेताओं के बयान सामने आए थे. पार्टी नेताओ ने राघव पर भाजपा से मिले होने का आरोप भी लगाया था. तभी साफ हो गया था कि राघव भाजपा में जा सकते हैं लेकिन पार्टी से इतनी बड़ी संख्या में एक साथ सांसद बगावत करेंगे, ये उम्मीद किसी को नहीं थी.

ये भी पढ़ें-भाजपा ज्वाइन करने के बाद राघव चड्ढा का बड़ा बयान…आम आदमी पार्टी ने किया पलटवार-Video