Lulu Mall:लूलू मॉल की पार्किंग में खड़ी सपा विधायक की कार पर हमला, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार, देखें वीडियो
लखनऊ। लूलू मॉल विवाद और भी गहराता जा रहा है। उद्घाटन के बाद से ही एक न एक विवाद से घिरे लखनऊ के सबसे बड़े मॉल में रविवार को भी एक घटना हो गई। यहां सपा विधायक की कार पर हमला बोल दिया गया। गनीमत रही कि विधायक कार के अंदर नहीं थे, बल्कि मॉल में खरीदारी कर रहे थे।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में स्थित लूलू मॉल में कानपुर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक इरफान सोलंकी की कार पर बियर की बॉटल से हमला तक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। फिलहाल घटना के वक्त विधायक मॉल के अंदर थे।
इस मामले में इरफान सोलंकी ने बताया कि कल राष्ट्रपति का चुनाव है, वोट देने के लिए मैं लखनऊ पहुंचा हूं। लूलू मॉल जाने की इच्छा पर वहां चला गया, जहां मेरी गाड़ी पर जानबूझकर हमला किया गया। पहले किसी ने गाड़ी की डिग्गी खोलने की कोशिश की। इसके बाद कार के पीछे का शीशा तोड़ दिया। उसकी हरकतों से साफ जाहिर होता है कि अज्ञात शख्स नशे में नहीं था। उसने जानबूझकर गाड़ी का शीशा तोड़कर काफी नुकसान कर दिया। थाना गोल्फ सिटी के पुलिस अधिकारी को मामले की जानकारी दे दी है। मेरी मांग है कि जिसने भी इस तरह का कार्य किया है, उसके खिलाफ कार्यवाही की जाए। पार्किंग में गाड़ी खड़ी होने के बावजूद तोड़ दी गई। बता दें कि 11 जुलाई को लखनऊ के सबसे बड़े मॉल का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। इसके बाद ही यहां सार्वजनिक स्थान पर नमाज करते हुए लोगों का वीडियो वायरल हो गया था, जिसका विरोध होने पर नमाज कर रहे लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी, लेकिन बाद में हिंदू संगठनों ने हनुमान चालीसा का पाठ मॉल में करने पहुंच गए, जिससे विवाद और बढ़ गया। फिलहाल इस मामले में दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।