Telangana: भाजपा अध्यक्ष ने अमित शाह के उठाए जूते, कांग्रेस और TRS ने बोला हमला, बताया “दिल्ली-गुजरात नेताओं का गुलाम”, सोशल मीडिया पर जमकर हो रहे हैं ट्रोल, देखें वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बंडी संजय कुमार गृहमंत्री अमित शाह के साथ मंदिर से बाहर निकलते हैं और तेजी से शाह से आगे निकल जाते हैं और जहां उन्होंने जूते उतारे थे, उसे तत्काल लाकर उनके पैरों के पास रख देते हैं ताकि वह जूते पहन सकें। फिलहाल संजय के जूते उठाने का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और वह लोगों की आलोचना का शिकार भी हो रहे हैं। बता दें कि संजय कुमार संसद सदस्य भी हैं।
बता दें कि वायरल वीडियो सिकंदराबाद के उज्जैनी महाकाली मंदिर का है। यहां दर्शन के लिए अमित शाह पहुंचे थे और उनके साथ ही संजय भी थे। जैसे ही मंदिर के बाहर शाह निकलते हैं संजय उनके जूते उठाकर उनके पैर के पास रख देते हैं और इसके बाद वह खुद अपने जूते पहनते हुए नजर आ रहे हैं। उनकी इस हरकत पर सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) और कांग्रेस ने आलोचना करते हुए संजय को दिल्ली और गुजरात के नेताओं का “गुलाम” कहा है। इसी के साथ उन्होंने तेलंगाना के स्वाभिमान की रक्षा करने का अपील लोगों से की है।
बता दें कि टीआरएस नेता सोशल मीडिया पर संजय को जमकर ट्रोल कर रहे हैं और इस पूरी घटना का वीडियो भी वायरल कर रहे हैं। टीआरएस नेताओं का कहना है कि संजय अक्सर दूसरी पार्टी के नेताओं के गुलाम होने की बात कहते रहते हैं और खुद क्या कर रहे हैं। राज्य के मंत्री और मुख्यमंत्री केसीआर के बेटे रामा राव ने कहा कि समाज के लोग तेलंगाना के स्वाभिमान का अपमान करने वालों और आत्मसम्मान की रक्षा को खतरे में डालने वालों को बाहर करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
तेलंगाना के एआईसीसी प्रभारी मनिकम टैगोर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “भाजपा में पिछड़े वर्ग के नेता की क्या हैसियत है, पूरा सच इस वीडियो में देखिए।” दूसरी ओर कांग्रेस नेता अडांकी दयाकल ने भी संजय पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य भाजपा प्रमुख ने तेलंगाना समाज को बदनाम कर दिया है।
टीआरएस के नेता एम कृष्णक ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि “चप्पल लाने की रफ्तार और फोकस दिखाता है कि कल भाजपा हमारे राज्य को अमित शाह के चरणों में रखेगी। ऐसे लोगों से सावधान रहें।”