UP News: उत्तर प्रदेश के एक गांव में ग्राम प्रधान ने गरीब दलित पर बरसाए जूते, वीडियो हुआ वायरल, मुकदमा दर्ज
मुजफ्फर नगर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि एक शख्स कुर्सी पर बैठा हुआ है और वह एक व्यक्ति को जमीन पर बैठने के लिए कह रहा है। इसके बाद वह जमीन पर बैठे व्यक्ति पर थप्पड़ बरसाता है, फिर जूता निकाल कर गाली देते हुए उस पर जूता बरसा देता है। इसके बाद पास ही बैठे एक बुजुर्ग बीच-बचाव करते हैं और जमीन पर बैठे युवक को जाने के लिए कहते हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश (UP) के मुजफ्फरनगर के छपर क्षेत्र के रेटा नगला गांव का है और घटना करीब एक हफ्ते पहले की बताई जा रही है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक 41 साल के दलित मजदूर दिनेश कुमार ने ग्राम प्रधान शक्ति मोहन सिंह के खिलाफ कोई टिप्पणी की थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। पूरे मामले को सुलझाने के लिए पास के ही गांव रीटा नगला के पूर्व ग्राम प्रधान गजे सिंह ने दोनों को अपने घर पर बुलाया था।
बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान शक्ति मोहन सिंह ने अपना आपा खो दिया और दिनेश पर पहले तो थप्पड़ बरसाए, इसके बाद उसे जूते से पीट दिया। मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड की गई यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने छपर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की है। इसी के बाद पुलिस ने शक्ति मोहन सिंह को हिरासत में ले लिया है।
इस पूरे मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विनीत जायसवाल ने रविवार को बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उन पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के साथ ही एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।