आवारा कुत्तों का लखनऊ में आतंक, 6 साल के बच्चे को नोचकर मार डाला, चार साल की बहन की हालत गंभीर, नगर निगम के खिलाफ फूटा लोगों का आक्रोश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आदमखोर कुत्तों का कहर एक मासूम बच्चे पर टूट पड़ा। बुधवार को ठाकुरगंज इलाके के मुसाहिबगंज में शाम को आदमखोर कुत्तों ने छह वर्षीय मासूम रजा और चार साल की उसकी बहन जन्नत फातिमा पर हमला बोल दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता कि कुत्तों ने दोनों को नोच-नोचकर कर अधमरा कर दिया। जब तक लोगों ने दौड़ कर कुत्तों को भगाया, तब तक दोनों मासूमों की हालत गम्भीर हो चुकी थी।
आनन-फानन में दोनों बच्चों को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, तो रजा को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि जन्नत फातिमा की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पूरे इलाके में लंबे समय से कुत्तों का आतंक है। नगर निगम में कई बार शिकायत की पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
मुसाहिबगंज में रहने वाले शबाब प्लंबरिंग का काम करते हैं। बुधवार शाम उनका बेटा रजा और बेटी जन्नत फातिमा मोहल्ले में स्थित नगर निगम प्राथमिक विद्यालय में खेल रहे थे। तभी तीन-चार कुत्तों ने दोनों पर हमला बोल दिया और नोचने लगे। कभी हाथ, कभी पैर तो कभी पेट में नोच रहे थे। बच्चे तेज-तेज रोने लगे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग लाठी-डंडें लेकर दौड़े और किसी किसी तरह से कुत्तों के मुंह से बच्चों को छुड़ाया और कुत्तों को भगाया।
दोनों को गम्भीर हालत में परिवारीजन ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने रजा को मृत घोषित कर दिया। जबकि जन्नत की हालत नाजुक देख भर्ती कर लिया गया है। घटना से इलाकाई लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। उन्होंने नगर निगम के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए नारेबाजी की। इस बीच सूचना पर इंस्पेक्टर ठाकुरगंज हरिशंकर चंद पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शबाब रजा ने परिवारीजन के साथ क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में बेटे का अंतिम संस्कार किया। बता दें कि मुस्लिम के पाक दिन रमजान चल रहे हैं। ऐसे में इस घटना के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अन्य खबरें भी पढ़ें-